*देवभूमि न्यूज 24*
सैंज: गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज सैंज की फ्रेशर पार्टी-2026 का आयोजन आज नूरी कैफे, बाईपास रोड सैंज में धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. शशि शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर कॉलेज के वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। रंगारंग प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. शशि शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही एकमात्र ऐसी चीज है, जो जीवन में हर समय और हर परिस्थिति में व्यक्ति का साथ देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और संस्कृति पर भी विशेष ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी मेहनत और लगन से आगे बढ़ते हुए अपने माता-पिता, भाई-बहन, गुरुजनों तथा देश और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने की प्रेरणा दी।
फ्रेशर पार्टी के दौरान विद्यार्थियों ने गीत-संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों को वरिष्ठ छात्रों के साथ घुलने-मिलने और कॉलेज परिवार का हिस्सा बनने का अवसर प्रदान किया।








