कांग्रेस की दस गारंटियों का चार साल बाद भी हिसाब नहीं: जयराम ठाकुर

Share this post

बोले- सत्ता में आने के लिए किए बड़े-बड़े वादे, अब जनता को जवाब देने से बच रही सरकार

 *देवभूमि न्यूज 24*

शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियों को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दस गारंटियों को चार साल पूरे होने वाले हैं, लेकिन अब सरकार इन गारंटियों का नाम लेने से भी बच रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने घर-घर जाकर लोगों से गारंटियों के प्रपत्र भरवाए थे और सत्ता में आने पर सभी वादे पूरे करने का भरोसा दिलाया था। सत्ता में आने के बाद सरकार ने जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में आए चार साल होने वाले हैं, लेकिन आज सरकार यह बताने की स्थिति में नहीं है कि उसकी दस में से कितनी गारंटियां पूरी हुई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं से चुनाव के दौरान किए गए वादों पर प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के समय महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने, पांच लाख नए रोजगार उपलब्ध करवाने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, किसानों से गोबर खरीदने और युवाओं के लिए स्टार्टअप योजना शुरू करने सहित कई गारंटियां दी थीं। इन वादों के आधार पर कांग्रेस ने प्रदेश में सत्ता हासिल की, लेकिन सरकार बनने के बाद अधिकांश गारंटियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार का चार साल का कार्यकाल झूठ, वादाखिलाफी और निकम्मेपन की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद अपने ही वादों से पीछे हट गई। अब समय आ गया है कि सरकार चुनावी गारंटियों पर प्रदेश की जनता को पूरा हिसाब दे।
वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत का मजबूत आर्थिक प्रदर्शन
जयराम ठाकुर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8 फीसदी जीडीपी वृद्धि को देश की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था का मजबूत प्रदर्शन देश की बढ़ती आर्थिक क्षमता को दर्शाता है।
उन्होंने इस आर्थिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना की। जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत लगातार वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत स्थिति बना रहा है और आर्थिक वृद्धि का यह आंकड़ा देश की विकास यात्रा के लिए सकारात्मक संकेत है।