*देवभूमि न्यूज 24*
काठमांडू : नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। नदियों के किनारे और प्रभावित इलाकों से शव मिलने का सिलसिला जारी रहने के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 903 हो गई है। नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीआरआरएमए) की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 903 शव बरामद किए जा चुके हैं।
सबसे अधिक 272 शव दक्षिणी चितवन जिले में मिले हैं। स्थानीय प्रशासन को शवों को सुरक्षित रखने और उनका प्रबंधन करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बाद में चितवन में बरामद अधिकांश शवों को देवघाट में दफना दिया गया। यह काली गंडकी और त्रिशूली नदियों का संगम स्थल है। अधिकारियों के अनुसार, शवों के निस्तारण का उद्देश्य क्षेत्र में बीमारियों के फैलने के खतरे को कम करना था।
जिला प्रशासन कार्यालय चितवन के अनुसार, शवों को दफनाने से पहले अधिकारियों ने उनके डीएनए नमूने सुरक्षित किए, ताकि भविष्य में अज्ञात शवों की पहचान की जा सके। एनडीआरआरएमए ने बताया कि कई अज्ञात शव अभी भी अलग-अलग जिलों के 21 अस्पतालों में रखे गए हैं। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि जिनके परिजन अब तक लापता हैं, वे सरकारी रिकॉर्ड के माध्यम से उनकी पहचान संबंधी जानकारी की जांच करें।
4,247 लोग अब भी लापता
एनडीआरआरएमए के अनुसार, बाढ़ के बाद अभी भी 4,247 लोग लापता हैं। इनमें 592 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इसके अलावा भोटेकोशी और त्रिशूली नदी क्षेत्रों में स्थित विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं में काम करने वाले 933 कर्मचारी भी अब तक संपर्क में नहीं आए हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में सुरंगों और अन्य स्थानों पर फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। नेपाल के अधिकारियों को भारतीय और चीनी तकनीकी विशेषज्ञों की भी मदद मिल रही है। नेपाल-चीन सीमा के आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में नेपाल सेना, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल के जवानों और अन्य सरकारी कर्मचारियों में से भी कई लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है।
10,451 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
अधिकारियों के अनुसार, अब तक 10,451 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। इनमें 252 विदेशी नागरिक और 3,344 नेपाली नागरिक शामिल हैं, जिन्हें नेपाल सेना ने हवाई बचाव अभियानों के जरिए सुरक्षित निकाला।
खोज, बचाव और राहत कार्यों को तेज करने के लिए कुल 20,819 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 8,722 नेपाल सेना के जवान, 7,894 नेपाल पुलिसकर्मी और 4,203 सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल हैं। प्रभावित इलाकों में लापता लोगों की तलाश, शवों की बरामदगी और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान लगातार जारी है।








