सहायक लोक संपर्क अधिकारी को भावभीनी विदाई, डीपीआरओ सचिन संगर ने सराहा समर्पण और कार्यकुशलता
राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
ऊना ; सूचना एवं जन संपर्क विभाग में 38 वर्ष 2 माह 25 दिनों की लंबी और समर्पित सेवा के बाद सहायक लोक संपर्क अधिकारी नीलम कुमारी सोमवार को सेवानिवृत्त हो गईं। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय ऊना में गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
नीलम कुमारी ने अपने सेवाकाल की शुरुआत जिला लोक संपर्क कार्यालय ऊना में आशुटंकक के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग के निदेशालय शिमला में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। करीब चार दशक के सेवाकाल में उन्होंने निष्ठा, अनुशासन और कार्यकुशलता के साथ विभागीय जिम्मेदारियां निभाईं और विभाग के कामकाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
‘आपकी कार्यशैली हमेशा प्रेरणा देगी’
विदाई समारोह की अध्यक्षता जिला लोक संपर्क अधिकारी ऊना सचिन संगर ने की। उन्होंने नीलम कुमारी को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने लंबे सेवाकाल के दौरान पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और सहयोगात्मक कार्यशैली विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी।
सचिन संगर ने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव का समापन जरूर है, लेकिन इसके साथ जीवन के एक नए और सुखद अध्याय की शुरुआत भी होती है। उन्होंने नीलम कुमारी के आगामी जीवन को स्वस्थ, सुखद और आनंदमय रहने की कामना की।
समारोह के दौरान कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नीलम कुमारी के साथ बिताए सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।