*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला: हिमाचल प्रदेश में लॉटरी शुरू करने के सुक्खू सरकार के फैसले के खिलाफ भाजपा विधायकों ने बुधवार को विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे भाजपा विधायकों ने सरकार से लॉटरी का फैसला तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार राजस्व जुटाने के नाम पर प्रदेश में लॉटरी जैसी व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि यह फैसला प्रदेश की नई पीढ़ी के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है और सरकार को इसे तुरंत वापस लेना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल देवभूमि है और यहां के लोग ऐसी प्रवृत्तियों से दूर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक तंगी का हवाला देकर लगातार नए कर लगा रही है और अब राजस्व बढ़ाने के लिए लॉटरी शुरू करने जा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के उस तर्क पर भी सवाल उठाया, जिसमें लॉटरी को केवल भाग्य का खेल बताया गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश पहले ही नशे जैसी गंभीर समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में लॉटरी शुरू होने से एक और तरह की लत को बढ़ावा मिलने की आशंका है।
उन्होंने दावा किया कि अतीत में लॉटरी के चलते कई परिवार आर्थिक संकट में फंसे थे और वर्ष 1999 के बाद प्रदेश इस व्यवस्था से बाहर निकला था। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी व्यवस्था तैयार करनी चाहिए, जिसमें लोगों को उनकी मेहनत का फल मिले।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हजारों लोगों का पैसा एक व्यक्ति के भाग्य के नाम पर खर्च हो और बाकी लोग नुकसान उठाएं, यह किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से लॉटरी का फैसला वापस लेने की मांग की।