सिरमौर में सड़क हादसे ने छीनी महिला की जान, दो अन्य मामलों में भी पुलिस ने कसा शिकंजा

Share this post

पांवटा के नारीवाला चौक पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, मौके पर मौत

रघुवीर राणा,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

पांवटा साहिब : पुलिस थाना पुरुवाला के तहत नारीवाला चौक के समीप एनएच-707 पर हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, नारीवाला निवासी राम नाथ ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह 3 सितंबर को करीब 12:10 बजे सामान लेने निहालगढ़ गया था। इसी दौरान पांवटा साहिब की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार नंबर UK07DM-2646 ने आगे चल रही स्कूटी नंबर HP17E-5696 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सड़क पर गिर गई और महिला का हेलमेट भी टूट गया।

मौके पर पहुंचने पर महिला मृत पाई गई। मृतका की पहचान पूनम पत्नी राजेंद्र निवासी अजोली के रूप में हुई है। कार में दो लोग सवार थे। चालक ने पूछताछ में अपना नाम सतवीर सिंह सैनी निवासी जीवन वाला, फतेहपुर टांडा, देहरादून बताया। पुलिस थाना पुरुवाला ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

घर से बाहर बुलाकर मारपीट का आरोप, माजरा पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस थाना माजरा के तहत अमरगढ़ क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता विशाल निवासी अमरगढ़ ने पुलिस को बताया कि 3 सितंबर की रात वह अपने घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान संतोषगढ़ निवासी अमन नामक युवक ने उसे घर से बाहर बुलाया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट में उसे काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ददाहू में सड़क घेरकर रखा निर्माण सामग्री का ढेर, पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस थाना रेणुका जी की टीम ने ददाहू बाजार में सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात बाधित करने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को गश्त के दौरान पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस ददाहू के पास सड़क पर पत्थरों, रेत-बजरी और कट्टों का ढेर पड़ा मिला। इससे सड़क का काफी हिस्सा घिर गया था और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।

पूछताछ में निर्माण सामग्री अजय कुमार गर्ग निवासी ददाहू की पाई गई। पुलिस थाना रेणुका जी में मामला दर्ज कर आगामी अन्वेषण जारी है।