राहुल गांधी के पंजाब दौरे का रोडमैप तैयार, बघेल-वड़िंग की बैठक में बनी रणनीति

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

चंडीगढ़ : राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को दिल्ली में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी के दौरे की रूपरेखा और कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, सह प्रभारी सूरज सिंह ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा मौजूद रहे। बैठक दिल्ली के एक होटल में आयोजित की गई।

बैठक के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर बैठक की गई है। उन्होंने बताया कि दौरे का रोडमैप तैयार कर लिया गया है और अब प्रस्ताव बनाकर आगे भेजा जाएगा।

बघेल ने संकेत दिया कि राहुल गांधी के पंजाब दौरे के दौरान प्रदेश के राजनीतिक हालात के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने खास तौर पर पंजाब सरकार से कर्मचारियों की नाराजगी को महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए कहा कि इस विषय को राहुल गांधी के दौरे के दौरान प्रमुखता से उठाया जा सकता है।

कांग्रेस नेताओं की इस बैठक को राहुल गांधी के आगामी पंजाब दौरे से पहले पार्टी की रणनीति तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी अब प्रस्तावित कार्यक्रम को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुट गई है।