विश्व साक्षरता दिवस पर विद्यार्थियों को दी वित्तीय साक्षरता और साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

कफोटा : कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. विक्रम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में 8 सितंबर, 2026 को कॉलेज में विश्व साक्षरता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रोवर एंड रेंजर तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विश्व साक्षरता दिवस के महत्व एवं उद्देश्यों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक (SBI), काफोटा शाखा के प्रबंधक श्री धर्मेंद्र ने विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता के महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित और सही इस्तेमाल से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा करने के साथ विद्यार्थियों को साइबर एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए।

इस दौरान विद्यार्थियों के ज्ञान की परख के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अमन, कला स्नातक द्वितीय वर्ष ने प्रथम, अंजलि शर्मा, कला स्नातक द्वितीय वर्ष ने द्वितीय तथा साक्षी, कला स्नातक तृतीय वर्ष ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी NSS कार्यक्रम अधिकारी प्रो. दिनेश कुमार ने संभाली। वहीं रोवर एंड रेंजर्स इकाई के समन्वयक प्रो. विपिन सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में प्रो. रवीना, डॉ. पंकज यादव एवं प्रो. अनिकेत पुंडीर भी उपस्थित रहे। समापन अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. विक्रम सिंह ठाकुर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और उन्हें वित्तीय साक्षरता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रोवर एंड रेंजर तथा NSS इकाई के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा भी की।