सुकेती खड्ड की ओर तटीयकरण और पहाड़ी की तरफ सड़क चौड़ी करने की मांग, दुर्घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
मंडी : जिला मंडी मुख्यालय के पुलघराट-ब्राधीवीर मार्ग की संकरी सड़क लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। मार्ग पर बढ़ते यातायात और दुर्घटनाओं को देखते हुए इसके शीघ्र चौड़ीकरण और सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग उठने लगी है।
सामाजिक कार्यकर्ता राजीव शर्मन ने कहा कि इस मार्ग पर समय-समय पर दुर्घटनाएं होती रही हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद पुलघराट-ब्राधीवीर सड़क की पहाड़ी की ओर पर्याप्त चौड़ाई बढ़ाने तथा सुकेती खड्ड की ओर समुचित तटीयकरण और सुरक्षा कार्य नहीं होने से समस्या बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिन केनरा बैंक के एक मैनेजर की कार दुर्घटना में मौत की घटना ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को दुर्घटना संभावित इस मार्ग की स्थिति का गंभीरता से आकलन कर आवश्यक सुधार कार्य करवाने चाहिए।
राजीव शर्मन ने मांग की कि पुलघराट-ब्राधीवीर मार्ग की पहाड़ी की ओर पर्याप्त चौड़ीकरण किया जाए तथा सुकेती खड्ड की तरफ मजबूत तटीयकरण कर सड़क को विस्तार दिया जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं के जोखिम को कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती रही हैं, लेकिन इस सड़क की मूल समस्या लंबे समय से बनी हुई है। अब आवश्यकता है कि प्रशासन और संबंधित विभाग केवल आश्वासन तक सीमित न रहकर व्यावहारिक समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएं।