हेमराज पालसरा के सीबीएसई कला अध्यापक बनने पर वनोगी पंचायत में खुशी की लहर, संघर्ष से हासिल की सफलता

Share this post

कुल्लू ब्यूरो,देवभूमि न्यूज 24

जिला कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की वनोगी पंचायत के हेमराज पालसरा ने सीबीएसई के अंतर्गत कला अध्यापक के पद पर नियुक्ति हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से वनोगी पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। परिजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने हेमराज पालसरा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

हेमराज पालसरा की सफलता की कहानी संघर्ष, हौसले और दृढ़ संकल्प की मिसाल है। कुछ वर्ष पहले उनके पिता स्वर्गीय मोहन लाल पालसरा का निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक और पारिवारिक जिम्मेदारियों का कठिन दौर आ गया। ऐसे मुश्किल समय में परिवार का भरण-पोषण करने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई जारी रखना हेमराज के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था।

हालांकि, हेमराज पालसरा ने विपरीत परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी। उन्होंने कठिनाइयों का सामना करते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत की। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और सीबीएसई के अंतर्गत कला अध्यापक के पद पर नियुक्ति प्राप्त कर उन्होंने अपनी सफलता का परचम लहराया।

इस उपलब्धि से हेमराज पालसरा और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। सफलता के इस खास अवसर पर उन्हें अपने दिवंगत पिता की याद आई। पिता को याद करते हुए वह भावुक हो गए और अपने आंसू नहीं रोक पाए। यह पल उनके लिए खुशी के साथ-साथ भावनाओं से भी भरा रहा। पिता के स्नेह और उनके साथ बिताए पलों की यादों ने इस उपलब्धि को उनके लिए और भी खास बना दिया।

हेमराज पालसरा ने अपनी सफलता के लिए भगवान पंडीर ऋषि का आशीर्वाद भी बताया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को यह संदेश मिलता है कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर अपने सपनों को साकार किया जा सकता है।

हेमराज पालसरा की इस कामयाबी पर वनोगी पंचायत के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हिमाचल की खबरों के लिए पढ़ते रहिए देवभूमि न्यूज 24।
समाचार एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9816216579
वेबसाइट: devbhuminews24.in