पैसापालो वर्ल्ड कप में चमके शिलाई के प्रकाश, भारतीय टीम को दिलाया चौथा स्थान

Share this post

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित विश्व कप में की भारतीय टीम की कप्तानी, शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मिला बेस्ट प्लेयर अवार्ड

  *देवभूमि न्यूज 24*

शिलाई (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के टिंबी निवासी प्रकाश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में 1 से 5 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 12वें पैसापालो विश्व कप में प्रकाश ने भारतीय टीम की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया। वहीं, अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर प्रकाश ने भारत की ओर से विश्व कप का बेस्ट प्लेयर अवार्ड भी अपने नाम किया।

इस विश्व कप में भारत सहित सात देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें फिनलैंड, जर्मनी, भारत, कनाडा, फ्रांस, जापान और मेजबान ऑस्ट्रेलिया शामिल रहे। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रकाश ने अपने खेल कौशल और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।

शानदार प्रदर्शन से हासिल किया सम्मान

प्रकाश का पूरे टूर्नामेंट के दौरान ऑलराउंड प्रदर्शन सराहनीय रहा। उन्होंने टीम की कप्तानी करते हुए खिलाड़ियों का नेतृत्व किया और मैदान पर अपने प्रदर्शन से भारतीय टीम को मजबूती प्रदान की। उनके इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें विश्व कप में भारत की ओर से बेस्ट प्लेयर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

शिलाई क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण

जिला सिरमौर के टिंबी जैसे क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय टीम की कप्तानी करना प्रकाश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पैसापालो विश्व कप में भारतीय टीम का चौथा स्थान हासिल करना और प्रकाश को बेस्ट प्लेयर का सम्मान मिलना हिमाचल प्रदेश के खेल जगत के लिए भी उत्साहजनक उपलब्धि है।

प्रकाश की यह उपलब्धि दर्शाती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण के दम पर ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

शिलाई, सिरमौर की खबरों के लिए पढ़ते रहें devbhuminews 24.in

समाचार एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9816216579