रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें हटाने का आरोप, प्रियंका गांधी ने कार्रवाई को बताया ‘बेतुका’

Share this post

बीकानेर हाउस में प्रदर्शनी शुरू होने से पहले हटाई गईं कई तस्वीरें, रेहान बोले:कला को राजनीति से अलग नहीं किया जा सकता

देवभूमि न्यूज 24 | नई दिल्ली

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के हालिया विरोध प्रदर्शनों को दर्शाने वाली उनकी कई तस्वीरें बीकानेर हाउस प्रशासन ने एकल प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले हटा दीं। रेहान कलाकार और फोटोग्राफर हैं। उनकी प्रदर्शनी ‘No Idea Is Final’ का प्रीव्यू बुधवार को आयोजित किया गया, जबकि प्रदर्शनी गुरुवार से रविवार तक चलेगी।

शाम 5 बजे तक तस्वीरें हटाने को कहा गया

रेहान के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे उन्हें बताया गया कि यदि शाम 5 बजे तक संबंधित तस्वीरें नहीं हटाई गईं, तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का पूरा प्रस्ताव और लेआउट काफी पहले ही बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ साझा कर दिया गया था। इसके बावजूद विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी तस्वीरों को हटाने के लिए कहा गया।

रेहान ने कहा कि इन तस्वीरों के जरिए उन्होंने पिछले छह महीनों के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों को दर्ज किया था। उनके अनुसार, इनका उद्देश्य कोई राजनीतिक संदेश देना नहीं, बल्कि घटनाओं को फोटोग्राफी के माध्यम से दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करना था।

उन्होंने कहा, “एक भारतीय कलाकार होने के नाते जो कुछ हो रहा है, उसे दर्ज करना मेरी जिम्मेदारी है।” रेहान ने यह भी आरोप लगाया कि कलाकारों के काम को सेंसर किया जा रहा है और यहां तक कि भारतीय झंडे की तस्वीर को भी प्रदर्शनी से हटा दिया गया।

‘मौजूदा राजनीतिक माहौल में सही समय नहीं’

रेहान के अनुसार, बीकानेर हाउस प्रशासन की ओर से कहा गया कि भारत के मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए इन तस्वीरों को प्रदर्शित करने का यह उचित समय नहीं है। इस पर उन्होंने कहा कि कला को राजनीति से अलग नहीं किया जा सकता।

रेहान ने दावा किया कि प्रदर्शनी से एक दिन पहले ही विरोध प्रदर्शनों से संबंधित तस्वीरों पर आपत्ति जताई गई थी। उन्होंने इसे प्रदर्शनी शुरू होने से 24 घंटे से भी कम समय पहले बड़ी संख्या में कलाकृतियां हटाने की मांग बताया।

प्रियंका गांधी ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

रेहान की मां और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने तस्वीरें हटाए जाने की कार्रवाई को ‘बेतुका’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में युवाओं की आवाज दबाई जा रही है।

प्रियंका गांधी के अनुसार, उनके बेटे की तस्वीरों में किसी के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं थी, बल्कि वे विरोध प्रदर्शनों का दृश्य रिकॉर्ड थीं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज एक कलाकार के काम पर आपत्ति जताई जा रही है, कल किसी अन्य कलाकार के साथ भी ऐसा हो सकता है।

प्रदर्शनी में अब भी लगी हैं करीब 40 तस्वीरें

बीकानेर हाउस की सीसीए बिल्डिंग की पहली मंजिल पर प्रदर्शनी के लिए दो बड़े कमरे निर्धारित किए गए थे। रेहान के मुताबिक, उनकी प्रदर्शनी में वन्यजीवों, एब्स्ट्रैक्ट आर्ट और भारत में हालिया युवा आंदोलनों से जुड़ी स्ट्रीट फोटोग्राफी सहित 100 से अधिक तस्वीरें शामिल थीं।

तस्वीरें हटाए जाने के बाद दीवारों पर खाली जगह और कीलों के निशान दिखाई दे रहे थे। इन दीवारों पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना भी लिखी हुई थी।

रेहान के अनुसार, प्रदर्शनी से 70 से अधिक तस्वीरें हटा दी गईं, जबकि करीब 40 तस्वीरें अब भी प्रदर्शित हैं। वहीं, बीकानेर हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि वे इस मामले पर टिप्पणी करने के लिए अधिकृत नहीं हैं।

📢 देश-दुनिया, प्रदेश और गांव की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए।
🗞️ देवभूमि न्यूज 24 🇮🇳
मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन:9816216579