कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24 – नाहन – 22 अक्टूबर 2026
जिला सिरमौर में बेसहारा गोवंश के नियंत्रण और पुनर्वास को लेकर जिला समन्वय समिति की बैठक बुधवार को उपायुक्त कार्यालय नाहन में उपायुक्त सुश्री प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान भी मौजूद रहे।
बैठक में पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजीव वालिया ने आंकड़े प्रस्तुत किए। आंकड़ों के अनुसार जिले की 228 ग्राम पंचायतों में 302 बेसहारा गोवंश दर्ज हैं, जबकि जिले में 17 गौशालाएं / गौसदन हैं जिनकी कुल क्षमता 1,540 पशुओं की है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से मार्च 2027 से पहले सिरमौर को बेसहारा गोवंश मुक्त बनाने के लिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। बताया गया कि 8 सितंबर 2026 से अब तक 43 बेसहारा गोवंश को कोटला बड़ोग गौशाला में स्थानांतरित किया जा चुका है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नाहन शहर और नाहन-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही पशु मालिकों की पहचान, कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन, पशुओं की टैगिंग और पंजीकरण तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
देवभूमि न्यूज 24 – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ
देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन:9816216579