देवभूमि न्यूज 24 – शिलाई
कार्तिकेय तोमर
राजकीय महाविद्यालय शिलाई में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई-एक और दो के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। इस बार शिविर का विषय “नशा मुक्त और क्षय रोग मुक्त युवा – विकसित भारत के लिए” रखा गया है।
शिविर का आयोजन कार्यक्रम अधिकारियों रंजना चौहान और यशपाल शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र में कार्यवाहक प्राचार्य गोपाल भारद्वाज मुख्य अतिथि और स्रोत व्यक्ति के रूप में उपस्थित रहे।
सत्र का आरंभ परिचय गतिविधियों से हुआ। प्राचार्य गोपाल भारद्वाज ने स्वयंसेवकों को एनएसएस के मूल सिद्धांतों और नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों से अवगत करवाया। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्वयंसेविकाओं ने हिमाचली नाटी प्रस्तुत की। साथ ही नशा मुक्त और क्षय रोग मुक्त भारत विषय पर चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।
दूसरे सत्र में स्वयंसेवकों ने गोद लिए गए गांव कैलाथ स्थित मंदिर की साफ-सफाई और महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। शिविर की आवश्यकताओं के लिए लकड़ियां भी एकत्रित की गईं।
देवभूमि संदेश – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ
देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन:9816216579