पंचायत चुनाव में जनता ने कांग्रेस को दिखाया आईना, अब विधानसभा में होगा सूपड़ा साफ – जयराम ठाकुर

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – ठियोग, शिमला

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ठियोग विधानसभा क्षेत्र में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और सम्मानित किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला।

जयराम ठाकुर ने कहा –
मुख्यमंत्री को पहले से ही हार का अंदेशा था, इसलिए आपदा का बहाना बनाकर डिजास्टर एक्ट लागू किया और पंचायत चुनाव टालने के षड्यंत्र रचे। भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और कहा कि जब कोविड महामारी में चुनाव हो सकते हैं तो अब क्यों नहीं। इसके बाद अदालत ने तुरंत चुनाव करवाने के आदेश दिए।

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को जनता का मिजाज दिखा दिया है। आने वाले विधानसभा चुनाव में भी जनता कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाएगी।

ठियोग के मुद्दों पर उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार में खोले गए संस्थानों को वर्तमान सरकार ने राजनीतिक द्वेष से बंद कर दिया। मुख्यमंत्री ने 1500 रुपये और 5 लाख नौकरियों की गारंटी देकर जनता को ठगा है। अब हार छिपाने के लिए नए जिले बनाने का शगूफा छोड़ा जा रहा है।

कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में करारी हार के बाद मुख्यमंत्री को हाईकमान ने दिल्ली तलब किया। मुख्यमंत्री बैलेट और ईवीएम पर सवाल उठाना बंद करें। मंत्री हार का कारण मुख्यमंत्री को बता रहे हैं और मुख्यमंत्री मंत्रियों को।

प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर उन्होंने कहा कि 2022 तक प्रदेश पर 69,000 करोड़ कर्ज था, जो अब बढ़कर 1 लाख 15 हजार करोड़ हो गया है, जबकि विकास के काम ठप हैं।

केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में राम मंदिर निर्माण, धारा 370 समाप्त, तीन तलाक खत्म जैसे ऐतिहासिक फैसले हुए और अर्थव्यवस्था 11वें से चौथे स्थान पर पहुंची।

कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि संदेश – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ

देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश
देश दुनिया गांव देहात की खबर
समाचार, विज्ञापन:9816216579