‘पंजाब में बनेगी NDA सरकार’ – अमित शाह के बयान से अकाली-भाजपा गठबंधन की चर्चा तेज

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – चंडीगढ़

पंजाब की राजनीति में एक बार फिर अकाली दल और भाजपा के गठजोड़ के संकेत मिलने लगे हैं। 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एक बयान ने चर्चाओं को हवा दे दी है।

दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए अमित शाह ने कहा कि इस बार पंजाब में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। इससे पहले पंजाब दौरे पर उन्होंने भाजपा की सरकार बनाने की बात कही थी।

उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। अभी तक भाजपा पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात करती रही है, लेकिन अब NDA का जिक्र आने के बाद 2020 में किसान आंदोलन के दौरान अलग हुए अकाली दल से फिर गठबंधन की चर्चा शुरू हो गई है।

बीते 6 सालों में अकाली दल और भाजपा दोनों अलग-अलग अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटे रहे। अगर दोनों में समझौता होता है तो 2027 के विधानसभा चुनाव के समीकरण बदल सकते हैं।

विपक्ष पर हमला –
अपने संबोधन में अमित शाह ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी को भी घेरा। गौर करने वाली बात यह है कि उन्होंने एक बार भी अकाली दल या सुखबीर बादल पर टिप्पणी नहीं की। उनका यह मौन भी बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश
देश दुनिया गांव देहात की खबर
समाचार, विज्ञापन:9816216579