लोगों को बैंकिंग योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति किया जागरूक
देवभूमि न्यूज 24 | सिरमौर, हिमाचल प्रदेश
नाबार्ड के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र द्वारा जिला सिरमौर में वित्तीय साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। शाखा जमटा के माध्यम से ग्राम पंचायत नेहली धीरा में तथा ददाहू शाखा के माध्यम से ग्राम पंचायत जामु कोटि में शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री विक्रमजीत सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) श्री सरोज कुमार, शाखा प्रबंधक श्री सुरेंद्र ठाकुर सहित स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शिविरों में स्थानीय लोगों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और पंचायत वार्ड सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं वित्तीय सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही, सरकारी बैंकिंग योजनाओं का लाभ उठाने और बैंकिंग सुविधाओं का सही तरीके से उपयोग करने के बारे में भी जागरूक किया गया।
किसान क्रेडिट कार्ड के उपयोग की दी जानकारी
शिविर में किसान वर्ग को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के महत्व, इसके उपयोग और इससे जुड़ी सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि वे अपनी कृषि संबंधी जरूरतों के लिए इस सुविधा का उचित तरीके से लाभ उठा सकते हैं।
ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए किया जागरूक
शिविर के दौरान लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर ठगी से बचने के उपायों के बारे में भी बताया गया। बैंक अधिकारियों ने डिजिटल लेन-देन करते समय सतर्क रहने, किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक खाते से जुड़ी संवेदनशील जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी।
इन वित्तीय साक्षरता शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय योजनाओं और डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
📢 देश-दुनिया, प्रदेश और गांव की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए।
🗞️ देवभूमि न्यूज 24 🇮🇳
मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन:9816216579