देवभूमि न्यूज 24 – शिमला
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि त्यौहारी सीजन और नव वर्ष के चलते जनवरी माह तक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिले के शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि सड़कों की मरम्मत के लिए सभी एसडीएम प्रस्ताव उपायुक्त कार्यालय को भेजेंगे, जिसके लिए तुरंत बजट मुहैया करवाया जाएगा। जिले के प्राथमिक स्कूलों के भवनों की मरम्मत के लिए भी बजट दिया जाएगा।
सड़क हादसों के आंकड़े –
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में अभी तक शिमला जिले में 211 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं हैं। इनमें 90 लोगों की मौत हुई, 70 गंभीर रूप से घायल और 227 को मामूली चोटें आईं।
सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक 45 और रात 9 से 12 बजे तक 48 दुर्घटनाएं दर्ज हुईं। नेशनल हाईवे पर 95 हादसों में 14 मौतें, स्टेट हाईवे पर 23 हादसों में 9 मौतें और ग्रामीण सड़कों पर 53 हादसों में 50 मौतें हुई हैं।
ओवरस्पीड और रैश ड्राइविंग के 84 मामले और नशे में ड्राइविंग के 7 मामले सामने आए हैं। वहीं राज्य स्तर पर 1651 हादसों में 757 मौतें और 2597 लोग घायल हुए हैं।
उपायुक्त ने वाहन चालकों से रैश ड्राइविंग और ओवरस्पीड से बचने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि ट्रैफिक नियमों के पालन में किसी भी तरह की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम भुवन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, एसडीएम कोटखाई डॉ. मनु वर्मा, एसडीएम कुमारसैन मुकेश कुमार, एसडीएम ठियोग डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
देवभूमि संदेश – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव,मेरा देश
देश दुनिया गांव देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन:9816216579