देवभूमि न्यूज 24 – शिलाई
राजकीय महाविद्यालय शिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई एक एवं दो द्वारा कार्यवाहक प्राचार्य श्री गोपाल भारद्वाज के मार्गदर्शन में तथा कार्यक्रम अधिकारी रंजना चौहान एवं यशपाल शर्मा के नेतृत्व में दिनांक 24 अक्टूबर, 2026 को सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
प्रातःकालीन योग सत्र के पश्चात ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत वर्मी-कम्पोस्टिंग गड्ढे को अंतिम रूप दिया गया। प्रो. रीबा ठाकुर के विशेष योगदान से अनुपयोगी प्लास्टिक की बोतलों का रचनात्मक उपयोग करते हुए उन्हें महाविद्यालय के उद्यान की सजावट में शामिल किया गया। इसके अतिरिक्त, उद्यान में बिखरे पत्थरों को एकत्रित कर व्यवस्थित ढंग से बैठने योग्य स्थान तैयार किया गया। स्वयंसेवकों ने पत्थरों के रचनात्मक संयोजन एवं उपयोगी संरचनाएँ बनाने का व्यावहारिक कौशल सीखा। साथ ही, वनस्पति उद्यान में पूर्व में बनाई गई पत्थरों की कतारों को आकर्षक रंगों से सजाकर परिसर की सुंदरता बढ़ाई गई।
द्वितीय सत्र में पूर्व PTA अध्यक्ष श्री कुलदीप नेगी ने रिसोर्स पर्सन के रूप में स्वयंसेवकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात उद्यान रखरखाव एवं बागवानी गतिविधियों के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में स्थित फूल-पौधों की निराई-गुड़ाई एवं छँटाई की। पौधों के बेहतर विकास के लिए उनकी सूखी एवं अनावश्यक शाखाओं की कटाई की गई तथा जैविक खाद के रूप में गोबर की खाद का उपयोग किया गया।
महाविद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से कॉलेज समस्या पहचान गतिविधि आयोजित की गई। इसमें स्वयंसेवकों के विभिन्न समूहों ने परिसर को अधिक आकर्षक बनाने के लिए समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक समाधान पर कार्य किया। एक समूह ने नए फूल लगाने के लिए क्यारियाँ तैयार कीं, जबकि अन्य समूहों ने चार्ट एवं कागज के टुकड़ों से संदेशपरक कलाकृतियाँ बनाईं तथा पत्थरों का रचनात्मक उपयोग करके सजावटी कलाकृतियाँ तैयार कीं।
इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने अपशिष्ट के पुनः उपयोग, पर्यावरण संरक्षण, उद्यान प्रबंधन, रचनात्मकता एवं व्यावहारिक कौशल विकास का अनुभव प्राप्त किया। शिविर का चौथा दिन नवाचार, सामूहिक श्रमदान और स्वच्छ एवं सुंदर महाविद्यालय परिसर के निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।
देवभूमि न्यूज 24 : मेरा गांव, मेरा देश
देश-दुनिया, गांव-देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन : 9816216579
देवभूमि न्यूज 24 : पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ