शिलाई महाविद्यालय के एनएसएस शिविर के पांचवें दिन मेडिटेशन, नशा विरोधी रैली और स्वच्छता अभियान

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – शिलाई

सिरमौर जिला के राजकीय महाविद्यालय शिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एक और दो ने कार्यवाहक प्राचार्य श्री गोपाल भारद्वाज के मार्गदर्शन में और कार्यक्रम अधिकारी यशपाल शर्मा के नेतृत्व में वार्षिक सात दिवसीय शिविर के पांचवें दिन की शुरुआत योगाभ्यास तथा प्रार्थना सभा से की।

इसके बाद मेडिटेशन सीखने की लालसा से सभी स्वयंसेवक प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेंटर शिलाई पहुंचे, जहां की प्रमुख ब्रह्माकुमारी राखी दीदी ने स्वयंसेवकों को मेडिटेशन, राजयोग और आध्यात्मिकता का आभास कराते हुए मन को असीम शांति प्रदान कराने वाले नुस्खे बताए।

तत्पश्चात सामाजिक दायित्वों को निभाते हुए स्वयंसेवकों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई की एनएसएस इकाई के साथ मिलकर शिलाई बाजार में नशा विरोधी एक विशाल रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। इस रैली में शिलाई के उप-मंडलाधिकारी श्री जसवाल जी ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।

दिन के दूसरे सत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिलाई में सफल स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद चालदा महासू महाराज के दर्शन और सामुदायिक सेवा के उद्देश्य से स्वयंसेवकों की टोली पशमी गांव पहुंची, जहां स्वयंसेवकों ने दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं को खाना परोसने में गांव वालों का हाथ बंटाया और मंदिर परिसर के चारों ओर साफ-सफाई भी की।

वापस लौटते समय संध्याकाल से पूर्व स्वयंसेवकों ने शिलाई बाजार में व्यापक रूप से प्रयोग हो रहे प्लास्टिक बैग के विरुद्ध एक भव्य रैली निकाली, जिसमें ‘से नो टू प्लास्टिक बैग्स’ के जोरदार नारे लगाए गए।

देवभूमि न्यूज 24 : मेरा गांव, मेरा देश
देश-दुनिया, गांव-देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन : 9816216579
देवभूमि न्यूज 24 : पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ