देवभूमि न्यूज 24 – चंडीगढ़
पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के बाद अब राहुल गांधी पंजाब में एंट्री लेंगे।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने सोमवार को ऐलान किया कि राहुल गांधी 4 नवंबर को पंजाब के दौरे पर रहेंगे। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी दीवाली से तीन दिन पहले संगरूर में राजनीतिक पारा चढ़ाएंगे। वह मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह क्षेत्र संगरूर से ‘मिशन 2027’ और कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी का यह दौरा काफी पहले प्लान किया गया था, लेकिन राज्य में नेताओं के बीच गुटबाजी के कारण कार्यक्रम में विलंब हुआ। कांग्रेस ने पंजाब में उलटफेर के लिए दो बड़े बदलाव करते हुए कैप्टन और इंचार्ज की पोस्ट पर नई नियुक्तियां की हैं। परगट सिंह और पायलट की जोड़ी क्या करिश्मा करेगी, इस पर नजरें टिकी हैं।
अमित शाह कर चुके दो दौरे
राहुल गांधी का यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य में एनडीए की सरकार बनने का दावा कर चुके हैं। वह 30 सितंबर को जालंधर पहुंचे थे और बीजेपी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन पर जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद 20 अक्टूबर को लुधियाना में रामलीला समिति के कार्यक्रम में हिस्सा लेने से पहले तीन ऐसे परिवारों से मुलाकात की थी, जिनके बेटों को ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाने पर जान देनी पड़ी।
देवभूमि न्यूज 24 : मेरा गांव, मेरा देश
देश-दुनिया, गांव-देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन : 9816216579