प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोलने से नहीं, चुनाव जीतकर ही बन सकते हैं प्रधानमंत्री; कैंसर रोधी 397 दवाओं की कीमतों में 93 प्रतिशत तक कटौती पर केंद्र सरकार का जताया आभार
*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों के समर्थन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची हर देशवासी का अधिकार है और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची का शुद्धिकरण होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस को इसमें भी परेशानी हो रही है। कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही है, जिसे देश की जनता कभी सफल नहीं होने देगी।
शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले भी देश में अशांति फैलाने के प्रयास किए गए, लेकिन केंद्र सरकार की सजगता और सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से ऐसी कोशिशें सफल नहीं हो पाईं। अब एक बार फिर इसी तरह का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की मंशा समझ चुकी है और उसके बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोलकर नहीं, बल्कि चुनाव जीतकर ही कोई प्रधानमंत्री बन सकता है। अपने एक नेता को बार-बार लॉन्च करने की कोशिश में कांग्रेस अब देश की अमन-शांति के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे लोगों को आगे बढ़ा रही है, जो देश में रिजीम चेंज करने और भारत को बांग्लादेश, नेपाल तथा श्रीलंका जैसा बनाने की बातें करते हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत एक प्राचीन सभ्यता वाला देश है और यहां के लोग किसी के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि देशवासी अराजकता और सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कोशिशें सफल नहीं होंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा झूठ, अफवाहों और अराजकता के सहारे सत्ता में बने रहने का प्रयास करती रही है। आपातकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वह दौर अब समाप्त हो चुका है। आज देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व है, जिन्होंने अपने वादों को समय से पहले पूरा करने की दिशा में काम किया है। सेवा, समर्पण और देशवासियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ही उन्होंने 25 वर्षों से अधिक समय तक लगातार जनसेवा की है। उनकी लोकप्रियता और जनहित के प्रति समर्पण से कांग्रेस परेशान है।
कैंसर की 397 दवाओं की कीमतों में 93 प्रतिशत तक कमी पर जताया आभार
जयराम ठाकुर ने कैंसर रोधी 397 दवाओं की कीमतों में 93 प्रतिशत तक की कमी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर और महंगी बीमारी का उपचार मरीज के साथ पूरे परिवार के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बन जाता है। ऐसे में दवाओं की कीमतों में कमी से मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें बीमारी से लड़ने का नया हौसला मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाएं, आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार की सुविधा और कैंसर की दवाओं पर सीमा शुल्क में राहत जैसे कदमों ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और किफायती बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2024 के बजट में तीन प्रमुख कैंसर रोधी दवाओं और वर्ष 2025-26 के बजट में 36 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क पूरी तरह समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश सहित देशभर में कैंसर उपचार की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कैंसर के उपचार को बेहतर बनाने के लिए जिला अस्पतालों में अगले तीन वर्षों के दौरान 200 डे-केयर कैंसर केंद्र स्थापित करने की घोषणा भी की गई है। आयुष्मान भारत योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गंभीर बीमारियों का उपचार आसान बनाया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सस्ती दवाएं, बेहतर उपचार सुविधाएं और मरीजों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी सोच और आम आदमी को राहत पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव, मेरा देश निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध।
देश-दुनिया और गांव-देहात की खबरें पढ़ते रहिए। समाचार एवं विज्ञापन: 9816216579