चुनाव प्रभारी ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर किया मंथन
देवभूमि न्यूज 24
कर्णप्रयाग (उत्तराखंड)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य एवं उत्तराखंड के चमोली जिले की बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के चुनाव प्रभारी सुरेंद्र हिंदुस्तानी ने कर्णप्रयाग में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में पार्टी की वर्तमान गतिविधियों, संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला अध्यक्ष, को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष गजपाल सिंह रावत, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं रुद्रप्रयाग के प्रभारी रघुबीर सिंह बिष्ट, श्री बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के पालक राकेश भंडारी, जिला उपाध्यक्ष किशोर पवार, राज्य महिला आयोग की मंत्री चंद्रकला तिवारी सहित जिले के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सुरेंद्र हिंदुस्तानी ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों और क्षेत्र में पार्टी की सक्रियता को लेकर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया। साथ ही आगामी दिनों में पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय बेहद आवश्यक है। स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को गति देने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के विषय पर भी बैठक में चर्चा हुई।
गौरतलब है कि भाजपा हाईकमान ने सुरेंद्र हिंदुस्तानी को चमोली जिले के विधानसभा क्षेत्रों का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के तहत उनका मुख्य फोकस पार्टी संगठन को मजबूत करने, स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संगठनात्मक तैयारियों को गति देने पर रहेगा।
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव, मेरा देश निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध।
देश-दुनिया और गांव-देहात की खबरें पढ़ते रहिए। समाचार एवं विज्ञापन: 9816216579