देवभूमि न्यूज 24
चंडीगढ़: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पंजाब में कानून-व्यवस्था के हालात पर बड़ा बयान दिया है।
चंडीगढ़ दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से चिंताजनक है। जब हम देखते हैं कि यहां लगभग हर दिन हत्याएं हो रही हैं, तो यह देखना वाकई परेशान करने वाला है कि कैसे पंजाब धीरे-धीरे नशीले पदार्थों और अपराध की ओर धकेला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान केवल सकारात्मक और रचनात्मक संवाद से ही संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मानते हैं कि युवाओं से हर संभव मंच पर संवाद किया जाए।
मेरा ननिहाल पंजाब में है – चिराग
पंजाब की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए चिराग ने कहा कि मैं यह बात सिर्फ इसलिए नहीं कह रहा कि हम यहां विपक्ष में हैं, बल्कि इसलिए क्योंकि पंजाब से मेरा व्यक्तिगत जुड़ाव है। मेरा ननिहाल पंजाब में है। यहां रोजाना हत्या जैसी घटनाएं, नशे की समस्या और बढ़ती आपराधिक गतिविधियां राज्य के लिए चिंता का विषय हैं।
पंजाब चुनाव में लोजपा की तैयारी
चिराग ने संकेत दिए कि उनकी पार्टी पंजाब में चुनावी तैयारियां मजबूत कर रही है। आज प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई है। बैठक के बाद प्रभारी केपी चौधरी के नेतृत्व में पूरी टीम आगे की रणनीति पर चर्चा करेगी। मोहाली स्थित सीजीसी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम का मकसद युवाओं से सीधे संवाद करना है।
एसआईआर पर क्या बोले
चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर विपक्ष के सवालों पर चिराग ने कहा कि विपक्ष में हैं, इसलिए विरोध करना उनका अधिकार है, लेकिन इससे उन्हें कोई फायदा नहीं मिला है। जहां भी चुनाव होते हैं, वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ता है।
देवभूमि न्यूज 24
देश दुनिया, पंजाब की खबरों के लिए पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन : 9816216579