अंदरोला में पंचायती राज प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना, बोले- भाजपा सरकार बनते ही बंद संस्थान दोबारा खोले जाएंगे
देवभूमि न्यूज 24
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंदरोला में नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जमकर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की मजबूत बुनियाद हैं। जनप्रतिनिधियों को जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास के लिए काम करना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर चुनावों के दौरान झूठे वादे और लोकलुभावन गारंटियां देकर सत्ता हासिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसी तरह सत्ता तो हासिल कर ली, लेकिन प्रदेश की जनता अब उसकी नीतियों से परेशान हो चुकी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका जवाब मिलेगा और हिमाचल में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता दिल्ली में बैठकर केंद्र की भाजपा सरकार गिराने के सपने देख रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना उनके बस की बात नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेताओं की कथित टिप्पणियों को लेकर भी जयराम ठाकुर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि देश की जनता का प्रधानमंत्री मोदी पर अटूट विश्वास है और जनता उन्हें देश के नेतृत्व में देखना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2029 में नरेंद्र मोदी चौथी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार उन्हें नए रूप में पेश करने की कोशिश करती है, लेकिन देश की जनता उन्हें पहले ही कई बार नकार चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए देशभर में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। ईवीएम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों में भी कांग्रेस को सफलता नहीं मिली।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर कांग्रेस शासनकाल में बंद किए गए सभी संस्थानों को जनहित में दोबारा खोलने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। साथ ही कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में लिए गए जनविरोधी फैसलों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बदले की भावना से काम करने के बजाय प्रदेश के विकास पर ध्यान देने की नसीहत दी।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा के चुने हुए जनप्रतिनिधियों को बेवजह परेशान किया जा रहा है और उनके खिलाफ दुर्भावना से प्रेरित होकर एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली तो उसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें ‘महाराज’ कहे जाने पर जताई गई आपत्ति को लेकर भी उन्होंने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के लिए सम्मानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, जबकि मुख्यमंत्री ने उनके लिए पहले क्या-क्या शब्द इस्तेमाल किए हैं, यह सभी जानते हैं।
कर्ज और विकास कार्यों को लेकर सरकार को घेरा
प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार लगातार करोड़ों रुपये का कर्ज ले रही है, लेकिन प्रदेश में विकास कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरकारी हेलीकॉप्टर से दौरे कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की सड़कों की हालत खराब है। उन्होंने सवाल उठाया कि भारी-भरकम कर्ज लेने के बावजूद विकास कार्यों पर पैसा कहां खर्च किया जा रहा है।
अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि उनके पांच वर्षों के कार्यकाल में अकेले नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए थे। उन्होंने वर्तमान सरकार से सवाल किया कि नालागढ़ क्षेत्र में अब तक कितने विकास कार्य हुए हैं और कितना बजट खर्च किया गया है। उन्होंने कांग्रेस सरकार को विकास के मोर्चे पर पूरी तरह विफल करार दिया।
गारंटियों पर भी कांग्रेस को घेरा
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय 22 लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया गया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद इसे सीमित कर दिया गया। उन्होंने पांच लाख बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की गारंटी का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा में रोजगार के आंकड़े पूछने पर सरकार की ओर से ‘सूचना एकत्र की जा रही है’ जैसा जवाब दिया जाता है।
उन्होंने 300 यूनिट मुफ्त बिजली और मुफ्त पानी की गारंटी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुफ्त बिजली देने के वादे के बावजूद उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिजली बिल मिल रहे हैं और मुफ्त पानी के वादे के बाद भी लोगों को पानी के बिल चुकाने पड़ रहे हैं।
सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष रतनपाल, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, पूर्व विधायक विनोद चंदेल, राजेश कश्यप, अलका बस्सी और राजेश शर्मा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए |
समाचार, विज्ञापन: 9816216579