31 मार्च 2027 तक स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता 70 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री
संगड़ाह के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा
देवभूमि न्यूज 24, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा सिरमौर जिला के रेणुका विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार में 6.92 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का लोकार्पण किया। छह बिस्तरों की क्षमता वाले इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों और 47 गांवों के करीब 50 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को घर-द्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। नौहराधार में सीएचसी भवन शुरू होने से स्थानीय लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी और उपचार के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी भी कम होगी।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में दो चिकित्सा अधिकारियों और एक स्टाफ नर्स की नियुक्ति की गई है, ताकि मरीजों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्वास्थ्य संस्थानों के आधुनिकीकरण की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उस समय अस्पतालों में केवल 35 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध था। वर्तमान सरकार का प्रयास है कि 31 मार्च, 2027 तक प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता 70 प्रतिशत से अधिक की जाए। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों, क्षेत्रीय अस्पतालों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को घर के समीप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रदेश में सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में प्रतिदिन 5,000 लीटर क्षमता का मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने नौहराधार में सीएचसी भवन के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र की 20 पंचायतों और 47 गांवों के लगभग 50 हजार लोगों को अपने घरों के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के दौरान शिमला में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं नौहराधार में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी तथा स्थानीय नेता मौजूद रहे।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579