⚖️ जिला सिरमौर के नाहा गांव में 60 दिवसीय मेगा ड्राइव (चरण-II) का शुभारंभ

Share this post

पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाएगा NALSA एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

देवभूमि न्यूज 24 – कार्तिकेय तोमर नाहन / सिरमौर

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के तत्वावधान में हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (HPSLSA) के दिशा-निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), सिरमौर द्वारा 60 दिवसीय मेगा ड्राइव (चरण-II) के अंतर्गत उपमंडल पच्छाद के सुदूर एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े गांव नाहा का चयन किया गया है।

⭕ अभियान का उद्देश्य :
इस विशेष अभियान के माध्यम से गांव के निवासियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की विभिन्न योजनाओं तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक सेवाओं एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं से जोड़ना है।

⚜️ कैसे होगा क्रियान्वयन :
इस 60 दिवसीय विशेष अभियान के समस्त संचालन हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरमौर के अंतर्गत कार्यरत पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) को गांव नाहा में नियुक्त किया गया है। इन पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा गांव में घर-घर जाकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, NALSA की विभिन्न योजनाओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, ऐसी व्यक्तियों की पहचान भी की जाएगी जो विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र होने के बावजूद जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से अब तक उनका लाभ प्राप्त नहीं कर पाए हैं।

अभियान के दौरान यदि कोई ऐसा पात्र व्यक्ति चिन्हित होता है, जो राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण अथवा सरकार की किसी कल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित है, तो उसे संबंधित योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जाएगी तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उसे योजना का पूर्ण लाभ दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।

🔔 सचिव DLSA का बयान :
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरमौर, श्री नव कमल ने आम जनता से अपील की है कि वे इस 60 दिवसीय विशेष अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा NALSA एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें संबंधित योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना भी है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे पैरा लीगल वॉलंटियर्स को आवश्यक जानकारी प्रदान कर इस अभियान में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरमौर द्वारा इस विशेष अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

देवभूमि न्यूज 24
मेरा गांव मेरा देश
देश-दुनिया, गांव- देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन : 9816216579