चौड़ा मैदान में जनसभा को संबोधित कर पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री सुक्खू पर साधा निशाना
देवभूमि न्यूज 24
शिमला।‘संविधान बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के बाद चौड़ा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में लगातार चुनावी हार से कांग्रेस नेतृत्व हताश है और इसी हताशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले राहुल गांधी और अब कांग्रेस के अन्य नेता भी राजनीतिक मर्यादाओं को लांघ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा देश की जनता को स्वीकार नहीं है। उनके मुताबिक, देशवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान करते हैं और कांग्रेस को जनता के बीच अपने बयानों का जवाब देना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भी प्रदर्शन में शामिल होकर वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री किस आधार पर ऐसे आरोप लगा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियों के नाम पर सत्ता हासिल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने से पहले अपनी सरकार के कामकाज पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों और प्रदर्शनों के लिए कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के संसाधनों का उपयोग विकास और जनहित के कार्यों में होना चाहिए, न कि राजनीतिक प्रदर्शन और अराजकता फैलाने में।
कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी लंबे समय से कई राज्यों में सत्ता से बाहर है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और ओडिशा का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए, न कि हर चुनावी नतीजे के बाद वोट चोरी के आरोप लगाने चाहिए।
जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर विदेशी सहयोग से देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है और देश की जनता अपने फैसले स्वयं करती है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आगे भी काम करती रहेगी और विपक्ष के राजनीतिक आरोपों से सरकार की दिशा नहीं बदलेगी।
देवभूमि न्यूज 24
मेरा गांव, मेरा देश
निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध
देश-दुनिया और गांव-देहात की खबरों को पढ़ते रहिए।
समाचार एवं विज्ञापन: 9816216579