पांवटा साहिब में 3 नवंबर से जारी होंगे पटाखा बिक्री के अस्थायी लाइसेंस: एसडीएम द्विज गोयल

Share this post

पुलिस ग्राउंड और जेसीको बद्रीपुर में लगेंगे पटाखों के बिक्री स्टॉल, 6 से 8 नवंबर तक मान्य रहेंगे लाइसेंस

     *देवभूमि न्यूज 24*
 *रघुवीर सिंह तोमर, ब्यूरो*

*पांवटा साहिब, दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से मनाने के उद्देश्य से उपमंडलाधिकारी पांवटा साहिब द्विज गोयल की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, अप्रिय घटनाओं की रोकथाम तथा आतिशबाजी की बिक्री के लिए अस्थायी स्टॉल लगाने हेतु स्थानों के चयन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी पांवटा साहिब में पटाखों की अस्थायी बिक्री पुलिस ग्राउंड पांवटा साहिब तथा जेसीको बद्रीपुर में की जाएगी। एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि पटाखों की बिक्री के इच्छुक विक्रेताओं को 3 नवंबर 2026 से एसडीएम कार्यालय द्वारा अस्थायी लाइसेंस जारी किए जाएंगे। ये लाइसेंस 6 से 8 नवंबर 2026 तक मान्य रहेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के लिए संबंधित ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य होगा। वहीं, थोक पटाखा विक्रेताओं को भी निर्धारित नियमों के अनुसार लाइसेंस लेना होगा।

एसडीएम ने बताया कि शहर में थोक पटाखा विक्रेताओं की दुकानों के निरीक्षण के लिए एक कमेटी गठित की गई है, जो समय-समय पर औचक निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान नियमों एवं सुरक्षा मानकों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने अस्थायी स्टॉल लगाने वाले सभी विक्रेताओं को आग से बचाव के लिए पानी से भरी बाल्टियां और रेत की बोरियां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अग्निशमन विभाग को पटाखों की बिक्री के निर्धारित स्थलों पर अग्निशमन वाहन तैनात करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा संबंधी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाया जा सके।

बैठक में खंड विकास अधिकारी कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, जल शक्ति विभाग, पुलिस विभाग एवं अग्निशमन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी तथा व्यापार मंडल के प्रधान अनिंदर सिंह नोटी उपस्थित रहे।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579