भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने सरकार पर लगाया सरकारी मशीनरी और धन के दुरुपयोग का आरोप, अस्पतालों में मशीनें और किसानों को बीज-खाद उपलब्ध करवाने की उठाई मांग
देवभूमि न्यूज 24
हिमाचल प्रदेश। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं से मुंह मोड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास अपने राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए दिल्ली जाने और सरकारी मशीनरी व धन का इस्तेमाल करने के पर्याप्त साधन हैं, लेकिन जब प्रदेश की जनता को सुविधाएं देने की बात आती है तो संसाधनों की कमी का बहाना बनाया जाता है।
डोगरा ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में मरीजों के जरूरी टेस्ट करने के लिए पर्याप्त मशीनें तक उपलब्ध नहीं हैं। गरीब मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। दूसरी ओर किसान और बागवान गेहूं के बीज के लिए परेशान हैं तथा महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी समय पर नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की पहली प्राथमिकता जनता का स्वास्थ्य, किसानों की आजीविका और बागवानों की आर्थिक सुरक्षा होनी चाहिए, लेकिन प्रदेश सरकार अपनी प्राथमिकताओं से भटक चुकी है।
SIR के विरोध पर कांग्रेस से पूछे सवाल
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूचियों की शुद्धता सुनिश्चित की जा रही है और अपात्र नामों को हटाया जा रहा है, तो कांग्रेस को इससे परेशानी क्यों हो रही है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए और लोगों के बीच भ्रम फैलाने से बचना चाहिए।
डोगरा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस की बेचैनी समझ से परे है, जबकि प्रदेश के अस्पतालों में मशीनों की कमी और किसानों को समय पर बीज व खाद उपलब्ध करवाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है।
मुख्यमंत्री से पूछा, दिल्ली के कार्यक्रम जरूरी या प्रदेश की जनता?
भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल किया कि सरकार की जवाबदेही दिल्ली के राजनीतिक कार्यक्रमों के प्रति है या हिमाचल प्रदेश की साढ़े 75 लाख जनता के प्रति? उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और किसानों-बागवानों को राहत देने के लिए ठोस कदम चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि राजनीतिक यात्राओं और दिखावे से ऊपर उठकर स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, सरकारी अस्पतालों में आवश्यक टेस्ट मशीनें उपलब्ध करवाई जाएं तथा किसानों और बागवानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और उचित सब्सिडी प्रदान की जाए।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579