शिलाई के कृशांत पांडेय ने तीसरी बार राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में बनाई जगह, क्षेत्र का बढ़ाया मान

Share this post

अंडर-14 में एक बार और अंडर-19 वर्ग में दो बार राष्ट्रीय स्तर पर कर चुके हैं हिमाचल का प्रतिनिधित्व

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज़ 24

शिलाई:सिरमौर जिला के शिलाई उपमंडल के ग्राम कुसैनू के होनहार खिलाड़ी कृशांत पांडेय ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कृशांत राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लालपानी, शिमला में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

कृशांत की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह इससे पहले भी दो बार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने एक बार अंडर-14 वर्ग में तथा दो बार अंडर-19 वर्ग में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होना उनकी निरंतर मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

कृशांत की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता का भी विशेष योगदान रहा है। उनके पिता श्री इंदर सिंह पांडेय पेशे से दुकानदार हैं, जबकि माता श्रीमती सीता देवी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों माता-पिता अपने बेटे के खेल के प्रति जुनून को समझते हुए उसे हर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। वे हमेशा उसका हौसला बढ़ाते हैं और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहते हैं।

कृशांत की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव कुसैनू, शिलाई क्षेत्र और विद्यालय में खुशी की लहर है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है कि यदि मेहनत, लगन और परिवार का सहयोग मिले तो ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

कृशांत की इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।