ठियोग आईटीआई में तृतीय जिला स्तरीय उद्यमिता जागरूकता कार्यशाला आयोजित, 100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

ठियोग (शिमला) राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), ठियोग स्थित प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र में RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत तृतीय जिला स्तरीय सेंसिटाइजेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (HPCED), उद्योग विभाग हिमाचल प्रदेश के सहयोग से द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार, स्टार्टअप तथा सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को अपना व्यवसाय शुरू करने, व्यावसायिक विचारों को विकसित करने और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी के सचिव मामराज शर्मा ने बताया कि प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र के माध्यम से युवाओं को उनके व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं के नए विचारों को व्यावहारिक व्यवसाय का रूप देने में मदद करना है।

कार्यशाला में वक्ताओं ने उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्वरोजगार की संभावनाओं, व्यवसायिक विचारों के विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, रिसोर्स पर्सन एवं गेस्ट फैकल्टी सूबेदार भूपेंद्र सिंह ने साइबर अपराध से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस सत्र में प्रतिभागियों ने विशेष रुचि दिखाई।

कार्यक्रम में संस्थान की सीनियर इंस्ट्रक्टर अनीता कुमारी, इंस्ट्रक्टर एवं नोडल अधिकारी राम लाल, सूबेदार भूपेंद्र सिंह, द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी के सचिव मामराज शर्मा और कोऑर्डिनेटर राजेश शर्मा सहित संस्थान के अन्य कर्मचारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यशाला का समापन युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्थानीय संसाधनों का सदुपयोग करने और नवाचार को अपनाने के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं ग्रामीण युवाओं में उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यावसायिक विचारों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579