डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित

Share this post

साहित्यिक साधना, नारी चेतना और सामाजिक सरोकारों के प्रति योगदान के लिए मिलेगा सम्मान, 15 नवंबर को दिल्ली में होगा भव्य समारोह
देवभूमि न्यूज 24
भिवानी: साहित्य और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहीं डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को प्रतिष्ठित ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’ के तहत नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। भिवानी परिवार मैत्री संघ की ओर से दिया जाने वाला यह सम्मान उन्हें साहित्यिक साधना, नारी चेतना के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकारों को अपनी लेखनी के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करने के लिए प्रदान किया जाएगा।

डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ लंबे समय से साहित्य लेखन और सामाजिक विषयों पर सक्रिय हैं। उनके लेखन में महिला सशक्तीकरण, सामाजिक समानता, मानवीय संवेदनाएं, शिक्षा और समकालीन चुनौतियों जैसे विषय प्रमुखता से उभरते हैं। उनकी रचनाएं समाज में सकारात्मक सोच, जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करने का संदेश देती हैं। लेख, संपादकीय, कविता और बाल साहित्य के माध्यम से उन्होंने हिंदी साहित्य में अपनी अलग पहचान बनाई है।

उनकी प्रमुख पुस्तकों में ‘दीमक लगे गुलाब’, ‘चूल्हे से चाँद तक’, ‘मौन की मुस्कान’, ‘परियों से संवाद’, ‘बच्चों की दुनिया’, ‘समय की रेत पर’, ‘निर्भयें’ और ‘Fearless’ शामिल हैं। उनकी साहित्यिक यात्रा में स्त्री जीवन के विविध पक्षों, सामाजिक विसंगतियों और बदलते समय के महत्वपूर्ण सवालों को विशेष स्थान मिला है।

सम्मान की घोषणा पर डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ ने भिवानी परिवार मैत्री संघ और निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि नारी चेतना, साहित्यिक साधना और सामाजिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। यह सम्मान उन्हें समाज के प्रति और अधिक संवेदनशील एवं उत्तरदायी लेखन करने की प्रेरणा देगा।

भिवानी परिवार मैत्री संघ की ओर से आयोजित ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’ समारोह रविवार, 15 नवंबर 2026 को प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक क्राउन प्लाजा होटल, रोहिणी, दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अन्य प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। लोक प्रशासन एवं ग्राम विकास के लिए चौ. बंसीलाल सम्मान सांसद एन.डी. गुप्ता को, शिक्षा के क्षेत्र में श्री राम कृष्ण गुप्ता सम्मान डॉ. नरेश कौशिक को तथा पत्रकारिता के लिए बाबू बनारसी दास गुप्ता सम्मान श्री बलवान शर्मा को प्रदान किया जाएगा।

इसी प्रकार साहित्य के लिए पं. माधव मिश्र सम्मान डॉ. जोगिंद्र कुमार, खेल के लिए श्री सुरजीत सिंह सम्मान श्री पूनम शर्मा तथा सेवा के लिए श्री फकीर चंद सम्मान श्री रामदेव तायल को दिया जाएगा। कला एवं संगीत के क्षेत्र में पं. गोपाल कृष्ण सम्मान श्री दिनेश रत्न और राष्ट्र सेवा के लिए पं. नेकी राम शर्मा सम्मान एडवोकेट श्री जीतराम गुप्ता को प्रदान किया जाएगा।

वहीं, डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से नवाजा जाएगा। भिवानी परिवार मैत्री संघ का यह आयोजन साहित्य, शिक्षा, पत्रकारिता, खेल, कला, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

देवभूमि न्यूज 24 परिवार की और से डॉ प्रियंका सौरभ को बहुत बहुत बधाई

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579