सिद्धू मूसेवाला के साथ जो हुआ, आज पंजाब में फैशन बन गया है: राहुल गांधी

Share this post

संगरूर में कांग्रेस की इंसाफ रैली में बोले राहुल गांधी, दिवंगत गायक को बताया पंजाब की आवाज; सुरक्षा हटाए जाने और हत्या का भी उठाया मुद्दा
देवभूमि न्यूज 24
संगरूर: पंजाब कांग्रेस की ओर से आयोजित इंसाफ रैली के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को याद करते हुए उनकी हत्या और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के साथ जो हुआ, आज पंजाब में वह एक फैशन बन गया है।

राहुल गांधी ने कहा कि वह सिद्धू मूसेवाला को पहले से नहीं जानते थे। जब पहली बार उनसे मुलाकात हुई तो उन्हें सिद्धू बहुत अच्छा लगा। उस समय उन्होंने उनके गाने भी नहीं सुने थे। उन्हें बताया गया था कि सिद्धू एक अच्छा युवक है और राजनीति में आना चाहता है।

उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला बेहद प्रतिभाशाली युवक था और उसे कांग्रेस में शामिल करवाने में उनकी भूमिका रही थी। उस समय उन्हें महसूस हुआ था कि सिद्धू एक ऐसी जगह आ रहा है, जहां उसे राजनीतिक सुरक्षा की जरूरत होगी। राहुल गांधी के अनुसार, राजनीति में आने के बाद सिद्धू को धमकियां मिलनी शुरू हो गई थीं।

राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला पंजाब के लिए बहुत बड़ा काम कर सकता था, क्योंकि उसके अंदर पंजाब की आवाज थी। उसके गीतों में पंजाब की संस्कृति, समाज और लोगों की भावनाओं की झलक दिखाई देती थी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सिद्धू का लोकप्रिय गीत ‘295’ सुना तो उन्हें यह काफी पसंद आया।

राहुल गांधी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक दिन सबके सामने सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा हटा दी गई और इसके बाद दिनदहाड़े उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने सिद्धू के पिता बलकौर सिंह के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि एक पिता के लिए अपने बेटे की मौत का दर्द सबसे बड़ा होता है।

उन्होंने कहा कि बलकौर सिंह ने उनसे कहा था कि जिस पिता को अपने बेटे की मौत देखनी पड़े, उससे बड़ा दर्द कोई नहीं हो सकता। राहुल गांधी ने इसी संदर्भ में कहा कि सिद्धू मूसेवाला के साथ जो हुआ, आज पंजाब में वह एक फैशन बन गया है।

रैली के दौरान राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या को याद करते हुए पंजाब में कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579