दिवाली के बाद बठिंडा आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रैली से होगा पंजाब में चुनावी शंखनाद; अकाली दल से गठबंधन पर भी नजरें

Share this post

15 से 20 नवंबर के बीच रैली आयोजित होने की संभावना, पंजाब भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व से मांगा समय; विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने के भी लगाए जा रहे कयास
देवभूमि न्यूज 24
बठिंडा : पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली के बाद पंजाब के बठिंडा का दौरा कर सकते हैं। उनके यहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने की संभावना है। पंजाब भाजपा ने प्रधानमंत्री के दौरे और रैली के आयोजन को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से समय मांगा है। सूत्रों के अनुसार, 15 से 20 नवंबर के बीच रैली की तारीख तय हो सकती है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बठिंडा में प्रस्तावित इस रैली के माध्यम से भाजपा पंजाब में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर सकती है। इसके साथ ही सीमावर्ती राज्य पंजाब के लिए किसी बड़ी विकास परियोजना या अन्य महत्वपूर्ण सौगात की घोषणा होने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे और संभावित घोषणाओं को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अकाली दल के साथ गठबंधन पर टिकी नजरें

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बठिंडा में प्रस्तावित रैली को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान दोनों दलों के बीच संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी कोई संकेत मिल सकता है। हालांकि, गठबंधन को लेकर अभी तक किसी औपचारिक घोषणा की जानकारी सामने नहीं आई है।

मालवा क्षेत्र में बठिंडा का विशेष महत्व

बठिंडा मालवा क्षेत्र का प्रमुख राजनीतिक केंद्र है। इस क्षेत्र में बादल परिवार का लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित रैली को भाजपा की पंजाब में संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फिलहाल सभी की निगाहें प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की आधिकारिक तारीख और रैली के दौरान होने वाली घोषणाओं पर टिकी हैं। साथ ही भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर आगे क्या राजनीतिक घटनाक्रम सामने आता है, इस पर भी सबकी नजर रहेगी।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579