मुख्यमंत्री पहले अपनी सरकार और कांग्रेस संगठन में लोकतंत्र की स्थिति पर आत्ममंथन करें : सुरेश कश्यप

Share this post

भाजपा सांसद ने लोकतंत्र बचाओ पदयात्राओं पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी का दिया जवाब, सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

 *देवभूमि न्यूज 24*

शिमला : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा भाजपा की लोकतंत्र बचाओ पदयात्राओं पर की गई टिप्पणी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लोकतंत्र की परिभाषा समझाने से पहले अपनी सरकार और कांग्रेस संगठन के भीतर लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए।

सुरेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू बार-बार भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने के आरोप लगाते हैं, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उनकी अपनी सरकार में मंत्रियों और विधायकों को स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने तथा निर्णय लेने का कितना अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में अनेक जनप्रतिनिधि असंतोष और घुटन महसूस कर रहे हैं। मंत्रियों और विधायकों की शक्तियों को सीमित करने तथा निर्णय प्रक्रिया को मुख्यमंत्री कार्यालय तक केंद्रित करने की प्रवृत्ति से सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कश्यप ने कहा, “मुख्यमंत्री जी, चोरी की बात आपने की है तो जवाब भी सुन लीजिए। भाजपा पर विधायकों की चोरी का आरोप लगाने से पहले बताइए कि आपके अपने मंत्रियों और विधायकों की निर्णय लेने की शक्ति किसने छीनी? उनके अधिकारों को किसने सीमित किया? लोकतंत्र केवल सत्ता की कुर्सी बचाने का नाम नहीं, बल्कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों की आवाज का सम्मान करने का नाम है।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि यदि उनकी सरकार में सब कुछ ठीक है तो कांग्रेस के भीतर समय-समय पर असंतोष और मतभेद क्यों सामने आते रहे हैं। मुख्यमंत्री पंचकूला और राज्यसभा चुनाव की घटनाओं का उल्लेख करके अपनी सरकार की मौजूदा कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों से ध्यान नहीं हटा सकते।

सांसद ने कहा कि राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा करना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन मुख्यमंत्री को अपने शासनकाल की जवाबदेही से बचने के लिए पुराने आरोपों का सहारा नहीं लेना चाहिए। लोकतंत्र में विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने, जनहित के मुद्दे उठाने और शांतिपूर्ण पदयात्रा करने का पूरा अधिकार है। भाजपा की लोकतंत्र बचाओ पदयात्राएं भी इसी लोकतांत्रिक अधिकार का हिस्सा हैं।

कश्यप ने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि विपक्ष की पदयात्राओं पर टिप्पणी करने के बजाय उन्हें प्रदेश की जनता, कर्मचारियों, पेंशनरों और युवाओं की समस्याओं का समाधान करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली कसौटी यह है कि सरकार अपने जनप्रतिनिधियों की आवाज को कितना महत्व देती है और जनता के प्रति कितनी जवाबदेह रहती है।

अंत में सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और जनता के हितों के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी। मुख्यमंत्री सुक्खू को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में उलझने के बजाय अपनी सरकार के भीतर पारदर्शिता, संवाद और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव, मेरा देश निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध

देश-दुनिया और गांव-देहात की खबरों को पढ़ते रहिए। समाचार एवं विज्ञापन: 9816216579