पटवारी की परीक्षा 23 से 30 नवंबर तक, पंचायत सचिव के लिए 4 से 6 दिसंबर तक होगी टैबलेट आधारित परीक्षा; एडमिट कार्ड परीक्षा से एक सप्ताह पहले होंगे उपलब्ध
*देवभूमि न्यूज 24*
हमीरपुर हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने पटवारी पोस्ट कोड-25027 और पंचायत सचिव पोस्ट कोड-26005 की भर्ती परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। दोनों पदों के लिए टैबलेट आधारित परीक्षा (टीबीटी) आयोजित की जाएगी।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि पटवारी भर्ती परीक्षा 23 से 30 नवंबर तक आयोजित होगी, जबकि पंचायत सचिव पद के लिए परीक्षा 4 से 6 दिसंबर तक होगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर लिंक उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके माध्यम से अभ्यर्थी अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
सचिव ने सभी अभ्यर्थियों से आयोग की वेबसाइट, मोबाइल एसएमएस और ईमेल नियमित रूप से चेक करते रहने की अपील की है। भर्ती परीक्षाओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आयोग के कार्यालय अथवा दूरभाष नंबर 01972-222204 पर संपर्क किया जा सकता है।
स्क्राइब सुविधा के लिए 12 नवंबर तक करना होगा आवेदन
पटवारी और पंचायत सचिव भर्ती परीक्षाओं में लेखक (स्क्राइब) की सुविधा लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को 12 नवंबर तक आवेदन करना होगा। डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि दिव्यांग, गर्भवती और चिकित्सा संबंधी समस्याओं से जूझ रहे अभ्यर्थी इस सुविधा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त अपरिहार्य कारणों से परीक्षा केंद्र अथवा परीक्षा तिथि में प्राथमिकता चाहने वाले अभ्यर्थी भी आयोग को अपना अनुरोध भेज सकते हैं।
असिस्टेंट स्टाफ नर्स के दस्तावेज सत्यापन में मिल सकता है तिथि बदलने का विकल्प
आयोग के सचिव ने बताया कि असिस्टेंट स्टाफ नर्स पोस्ट कोड-26044 के लिए 6 से 19 नवंबर तक दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
यदि किसी अभ्यर्थी की निर्धारित तिथि को कोई अन्य परीक्षा है या किसी अपरिहार्य कारण से वह दस्तावेज सत्यापन में उपस्थित नहीं हो सकती है, तो उसे 6, 10, 12 और 19 नवंबर में से किसी एक उपलब्ध तिथि पर सत्यापन करवाने का विकल्प मिल सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन निर्धारित तिथियों के अलावा किसी अन्य दिन दस्तावेज सत्यापन का अवसर नहीं दिया जाएगा।
फॉलो करे
देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव, मेरा देश
निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579