कांग्रेस सरकार से दस गारंटियों पर मांगा जवाब, चार साल का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की उठाई मांग
देवभूमि न्यूज 24
धर्मशाला आम आदमी पार्टी (आप) 20 नवंबर को तपोवन में आयोजित होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान धरना-प्रदर्शन और रैली करेगी। इस प्रदर्शन में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आप के राष्ट्रीय नेता मनीष सिसोदिया भी शामिल होंगे। शुक्रवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अचल छाबड़ा ने यह जानकारी दी।
अचल छाबड़ा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए दस गारंटियों के वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पांच लाख नौकरियां देने, महिलाओं को 1500 रुपये मासिक आर्थिक सहायता, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, गोबर खरीद योजना और अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोलने सहित कई प्रमुख वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की ओर से दी गई गारंटियों की नकल कर हिमाचल प्रदेश की जनता को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक संकट का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रही है।
आप प्रवक्ता ने सरकार से पिछले चार वर्षों का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि जनता को यह बताया जाना चाहिए कि चुनाव के दौरान किए गए वादों में से कितने पूरे हुए हैं और कितने अभी लंबित हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी 20 नवंबर को तपोवन में शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन करेगी और सरकार से चुनावी गारंटियों को लेकर जवाब मांगेगी।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579