खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का होता है विकास : विक्रमादित्य सिंह

Share this post

कोटखाई में 27वीं चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता का समापन, लोक निर्माण मंत्री ने क्लब को दिए 51 हजार रुपये

*देवभूमि न्यूज 24*

कोटखाई (शिमला) लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का रचनात्मक उपयोग कर सकते हैं।

विक्रमादित्य सिंह कोटखाई में कोटखाई एनवायरनमेंट, स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब की ओर से आयोजित 27वीं चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, रस्साकशी और हिमाचल के पारंपरिक खेल ठोडो सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए शिक्षा, खेल और युवा शक्ति को प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की एकजुटता और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने क्लब की ओर से प्रतिवर्ष खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध करवाने में अहम योगदान देती है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिली है। सड़कों और भवनों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य निरंतर जारी हैं। उन्होंने स्थानीय विधायक एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल हुई हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में मिले पुरस्कारों के लिए उन्होंने रोहित ठाकुर को बधाई दी।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री ने क्लब को अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पारंपरिक खेल ठोडो में भी भाग लिया तथा महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कीं।

इससे पूर्व क्लब अध्यक्ष मोहिंद्र स्तान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और क्लब की ओर से खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा चार दिवसीय प्रतियोगिता के आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

समारोह में उपमंडल दंडाधिकारी कोटखाई मनु वर्मा, शिमला ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, विभिन्न महिला मंडलों की सदस्य, युवक मंडलों के प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, खिलाड़ी तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579