कार्तिक मास में भैया दूज की पावन कथा, जानिए क्यों मनाया जाता है भाई-बहन के प्रेम का यह त्योहार

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

बहन के हाथों का तिलक, भाई के माथे की शान है, इस रिश्ते से बढ़कर दुनिया में, और कोई रिश्ता कहां महान है।

हिंदू धर्म में भाई-बहन के प्रेम और अटूट रिश्ते का प्रतीक भैया दूज का पर्व विशेष महत्व रखता है। यह त्योहार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं।

भैया दूज की पौराणिक कथा

पौराणिक कथा के अनुसार, सूर्यदेव की पुत्री यमुना अपने भाई यमराज से अत्यंत प्रेम करती थीं। वह बार-बार अपने भाई को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करती थीं, लेकिन यमराज अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण बहन के घर नहीं जा पाते थे।

एक दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। भाई को देखकर यमुना की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने यमराज का विधिपूर्वक स्वागत किया, उन्हें स्नान कराया, सुंदर वस्त्र पहनाए, माथे पर तिलक लगाया और प्रेमपूर्वक स्वादिष्ट भोजन कराया।

बहन के प्रेम और आतिथ्य से यमराज अत्यंत प्रसन्न हुए। उन्होंने यमुना से वरदान मांगने को कहा। इस पर यमुना ने वरदान मांगा कि हर वर्ष इस तिथि पर यमराज अपनी बहन के घर आएं और जो भाई इस दिन अपनी बहन के हाथों से तिलक करवाए तथा उसके घर भोजन करे, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे।

यमराज ने बहन को यह वरदान प्रदान किया। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भैया दूज अथवा यम द्वितीया का पर्व मनाने की परंपरा शुरू हुई।

भैया दूज का धार्मिक और पारिवारिक महत्व

भैया दूज के दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु और सुखद जीवन की कामना करती हैं। भाई भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति प्रेम और सम्मान प्रकट करते हैं।

यह पर्व केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच विश्वास, स्नेह, अपनत्व और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प का प्रतीक है।

इस दिन का संदेश है कि भाई-बहन का रिश्ता अनमोल होता है। जीवन में चाहे कितनी भी दूरियां आ जाएं, लेकिन प्रेम और आत्मीयता का यह बंधन हमेशा मजबूत बना रहना चाहिए।

भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएं।

✍️ लेखिका: ममता सक्सेना चित्रांश कोसीकलां, मथुरा (उत्तर प्रदेश)

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579