दमकल विभाग की मुस्तैदी से 30.80 करोड़ रुपये की संपत्ति बचाई, 35 मकान व पशुशालाएं जलीं, जंगलों में भी लगी आग
देवभूमि न्यूज 24
शिमला। हिमाचल प्रदेश में दिवाली की रात आतिशबाजी के बीच आग की घटनाओं ने जमकर तबाही मचाई। प्रदेश के 11 जिलों में करीब 127 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में लगभग एक करोड़ एक लाख 89 हजार रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। हालांकि दमकल विभाग की मुस्तैदी और कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत से करीब 30.80 करोड़ रुपये की संपत्ति को जलकर राख होने से बचा लिया गया।
दिवाली की पूरी रात दमकल विभाग के कर्मचारी आग बुझाने और लोगों की संपत्ति को बचाने में जुटे रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अधिकांश स्थानों पर पटाखों से निकली चिंगारियों के कारण आग लगी। आग की चपेट में आने से कई जगह रिहायशी मकान और पशुशालाएं जलकर राख हो गईं, जबकि कई स्थानों पर जंगलों में भी आग लग गई।
आंकड़ों के अनुसार, दिवाली की रात प्रदेश में 35 मकानों और पशुशालाओं में आग लगी, जबकि 39 स्थानों पर जंगल आग की चपेट में आए। इसके अलावा 52 अन्य आग की घटनाएं दर्ज की गईं।
शिमला जिला में सबसे अधिक 48 घटनाएं
जिला स्तर पर देखें तो शिमला में सबसे अधिक 48 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इनमें सात मकानों, 22 स्थानों पर जंगलों और 18 अन्य जगहों पर आग लगने के मामले शामिल हैं। इन घटनाओं में करीब 38.94 लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि दमकल विभाग ने 1.83 करोड़ रुपये की संपत्ति को बचाने में सफलता हासिल की।
इसके अलावा सिरमौर में सात, बिलासपुर में छह, मंडी में आठ, कुल्लू में 12, चंबा में चार, कांगड़ा में 14, हमीरपुर में छह, सोलन में 15 और ऊना में छह आग की घटनाएं सामने आईं।
आतिशबाजी की चिंगारी से दरकोटी में मकान जला
हमीरपुर जिला के टौणीदेवी कस्बे के तहत दरकोटी गांव में आतिशबाजी से निकली एक चिंगारी मकान के अंदर पहुंचने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में हरनाम सिंह के रिहायशी मकान को भारी नुकसान पहुंचा। आग की चपेट में आने से परिवार की करीब 40 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया।
ऊना में ट्रक और झुग्गियां आग की चपेट में
ऊना जिला के मैहतपुर में एक ट्रक में आग लगने से उसके केबिन सहित उसमें लदा सामान जल गया। इससे लाखों रुपये का नुकसान होने की सूचना है। वहीं, क्लोह में कबाड़ के स्टोर में आग लगने से भी लाखों रुपये की संपत्ति राख हो गई। लालसिंगी में प्रवासी मजदूरों की दो झुग्गियां भी आग की भेंट चढ़ गईं।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








