*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला : हिमाचल प्रदेश में भैया दूज के अवसर पर राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। अब इस त्योहार पर केवल महिला कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि पुरुष कर्मचारियों को भी सार्वजनिक अवकाश मिलेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को इस संबंध में फैसला लिया, जिसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने 11 नवंबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की अधिसूचना जारी कर दी।
सरकार के इस निर्णय के बाद बुधवार, 11 नवंबर को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, बोर्ड और निगमों के कार्यालय भी बंद रहेंगे। इससे महिला और पुरुष दोनों वर्गों के सरकारी कर्मचारी भैया दूज का त्योहार अपने परिवार के साथ मना सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, भैया दूज पर सभी सरकारी कर्मचारियों को अवकाश देने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष भेजा गया था। मंगलवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव को मंजूरी दी, जिसके बाद संबंधित विभाग ने अवकाश की अधिसूचना जारी कर दी।
गौरतलब है कि प्रदेश में पहले रक्षा बंधन, करवाचौथ और भैया दूज जैसे त्योहारों पर मुख्य रूप से महिला कर्मचारियों को ही अवकाश देने की व्यवस्था थी। मुख्यमंत्री सुक्खू इससे पहले रक्षा बंधन और करवाचौथ पर भी पुरुष कर्मचारियों को छुट्टी देने का ऐलान कर चुके हैं। अब भैया दूज पर भी पुरुष कर्मचारियों को अवकाश देने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले के साथ सरकार ने त्योहारों पर छुट्टी की पुरानी व्यवस्था में बदलाव किया है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, 11 नवंबर को घोषित सार्वजनिक अवकाश प्रदेश के सभी सरकारी विभागों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, बोर्डों और निगमों पर लागू होगा।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








