बहन के हाथों का तिलक, भाई के माथे की शान है। इस रिश्ते से बढ़कर दुनिया में, और कोई रिश्ता महान है।
देवभूमि न्यूज 24
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भैया दूज का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं।
यमराज और यमुना से जुड़ी है पौराणिक कथा
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्यदेव की पुत्री यमुना अपने भाई यमराज से अत्यंत प्रेम करती थीं। वह अक्सर अपने भाई को घर आकर भोजन करने का निमंत्रण देती थीं, लेकिन यमराज अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण बहन के घर नहीं जा पाते थे।
कहा जाता है कि एक बार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। भाई को अपने घर आया देखकर यमुना बेहद प्रसन्न हुईं। उन्होंने यमराज का विधिपूर्वक स्वागत किया, उन्हें स्नान कराया, सुंदर वस्त्र पहनाए, माथे पर तिलक लगाया और प्रेमपूर्वक स्वादिष्ट भोजन कराया।
बहन के प्रेम और आदर-सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने यमुना से वरदान मांगने को कहा। इस पर यमुना ने वरदान मांगा कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उसके हाथों से तिलक करवाए और भोजन ग्रहण करे, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे। साथ ही, बहनों की कामना पूरी हो और उनके भाइयों को सुख-समृद्धि तथा दीर्घायु प्राप्त हो।
यमराज ने बहन यमुना को यह वरदान प्रदान किया। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भैया दूज अथवा यम द्वितीया का पर्व मनाने की परंपरा शुरू हुई।
भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है भैया दूज
भैया दूज के दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी सुखद, स्वस्थ और लंबी आयु की कामना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति प्रेम और सम्मान प्रकट करते हैं। यह पर्व हमें याद दिलाता है कि भाई-बहन का रिश्ता केवल खून का संबंध नहीं, बल्कि विश्वास, त्याग, अपनत्व और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प भी है।
प्रस्तुति: ममता सक्सेना चित्रांश
स्थान: कोसीकलां (मथुरा), उत्तर प्रदेश
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








