स्वराज सत्याग्रह यात्रा: दिवाली की मदहोशी में अपनी ही सांसों को किया दूषित, मौत को दे रहे न्योता : डॉ. अशोक कुमार सोमल

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

नोएडा में रहने वाले मेरे बेटे अभिनव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है, जिसमें वहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 2000 से ऊपर बताया गया है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले वर्ष भी इसी तरह के गंभीर हालात देखने को मिले थे। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और देश की राजधानी में पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

दिल्ली में केंद्र सरकार बैठती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम उच्च पदों पर आसीन लोग और सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश भी यहीं मौजूद हैं। इसके बावजूद आम नागरिक को स्वच्छ हवा तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है। सत्ता में बैठे प्रभावशाली लोग अपने लिए बेहतर सुविधाओं और महंगे एयर प्यूरीफायर का इंतजाम कर सकते हैं, लेकिन सवाल यह है कि आम आदमी का क्या होगा? उसे स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण कब मिलेगा?

प्रधानमंत्री की ओर से विरोध की आवाज उठाने वालों को कई बार ‘दिमागी नक्सल’ कहकर संबोधित किए जाने पर भी सवाल उठते हैं। वास्तविकता यह है कि पर्यावरण और लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने वाली सत्ता की नीतियों पर भी सवाल उठना चाहिए। देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि पूरे देश के नागरिकों को स्वस्थ जीवन जीने के लिए स्वच्छ हवा, साफ पानी और बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि सरकार नागरिकों को यह बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने में असफल रहती है, तो उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

हवा की गुणवत्ता का सूचकांक 50 से नीचे रहना बेहतर माना जाता है, लेकिन आज हम जिस प्रदूषण का सामना कर रहे हैं, वह आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी खतरे की घंटी है। दिवाली के नाम पर पटाखों और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। हमें त्योहार मनाने के तरीकों पर पुनर्विचार करना होगा और पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्राथमिकता बनाना होगा।

मेरा बेटा अभिनव पिछले 15 वर्षों से पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाए हुए है। वह दिवाली पर पटाखे नहीं जलाता और न ही ऐसी किसी गतिविधि में शामिल होता है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचे। वह अपनी ओर से पर्यावरण को स्वच्छ रखने का प्रयास करता है और दूसरों द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण को कम करने के लिए भी यथासंभव योगदान देता है।

सवाल यह है कि जब कोई व्यक्ति स्वयं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार करता है, तो उसे दूसरों की लापरवाही के कारण दूषित हवा और पानी का खामियाजा क्यों भुगतना पड़े? आखिर आम नागरिक का कसूर क्या है?

अभी भी समय है। समाज को तत्काल अपने आचरण में बदलाव लाना होगा। पर्यावरण को स्वस्थ और जीवन के अनुकूल बनाए रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसकी शुरुआत हमें अपने घर और अपने व्यवहार से करनी होगी।

आइए, आज से ही शुरुआत करें और स्वच्छ पर्यावरण की इस मुहिम का हिस्सा बनें।

जय हिंद! जय संविधान! जय लोकतंत्र!

डॉ. अशोक कुमार सोमल
स्वराज सत्याग्रही एवं पर्यावरण व लोकतंत्र प्रेमी
लोकतांत्रिक राष्ट्रनिर्माण अभियान

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579