पटना में छठ महापर्व मनाएंगी अक्षरा सिंह, छठी मैया की भक्ति में सजेगी भव्य सांस्कृतिक संध्या

Share this post

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, संजय झा और मंत्री निशांत कुमार समेत कई गणमान्य लोगों को छठ का प्रसाद ग्रहण करने का न्योता

हितेश जैन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

पटना: भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री एवं गायिका अक्षरा सिंह इस बार भी लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार की राजधानी पटना में मनाएंगी। छठ पूजा को लेकर उनके यहां विशेष तैयारियां की जा रही हैं। अक्षरा सिंह का कहना है कि बिहार की संस्कृति और परंपराओं से उनका गहरा जुड़ाव है। उनकी इच्छा है कि छठ महापर्व को भी देश के अन्य प्रमुख त्योहारों की तरह व्यापक स्तर पर सांस्कृतिक उत्सव के रूप में पहचान मिले।

इस अवसर पर अक्षरा सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा तथा मंत्री निशांत कुमार सहित कई गणमान्य लोगों को छठ का प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया है।

अक्षरा सिंह ने कहा कि मुंबई में रहने के बावजूद उनका बिहार से जुड़ाव हमेशा बना रहा है। आमतौर पर कलाकार काम के सिलसिले में मुंबई में रहते हुए अपने क्षेत्र के त्योहार वहीं मनाते हैं, लेकिन वह छठ जैसे पावन महापर्व को अपनी जन्मभूमि बिहार में मनाना पसंद करती हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पंजाब में लोहड़ी, मुंबई में गणपति उत्सव और पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा को बड़े स्तर पर मनाया जाता है, उसी तरह छठ महापर्व को भी राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक पहचान मिलनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि छठ के संध्या अर्घ्य के अवसर पर पटना के कंकड़बाग स्थित रेनबो मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें कई प्रसिद्ध गायिकाओं और कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम के माध्यम से छठ की धार्मिक आस्था, पारंपरिक लोकगीतों और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया जाएगा।

भोजपुरी फिल्मों और संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बना चुकीं अक्षरा सिंह की बिहार सहित देशभर में बड़ी प्रशंसक संख्या है। ऐसे में उनका पटना में छठ मनाने का निर्णय प्रशंसकों के लिए भी खास महत्व रखता है। उनका प्रयास है कि छठ महापर्व की धार्मिक महत्ता के साथ-साथ बिहार की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को भी बड़े मंच पर पहचान दिलाई जाए।

देवभूमि न्यूज 24 |सिने जगत,देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579