स्वच्छ सर्वेक्षण में हिमाचल ने देश के शीर्ष 20 शहरी निकायों में बनाई जगह, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

Share this post

शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्राप्त किया पुरस्कार, नगर परिषद ठियोग ने बढ़ाया प्रदेश का मान

शहरी स्वच्छता, बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान

*देवभूमि न्यूज 24*

शिमला : हिमाचल प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की स्वच्छ, हरित और सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

नई दिल्ली में आयोजित समारोह में शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है, क्योंकि पहली बार प्रदेश को राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया है।

शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहरी स्थानीय निकायों के समग्र प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। सरकार की केंद्रित पहलों, विभागीय समन्वय और नियमित निगरानी के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। नगर परिषद ठियोग ने अपने बेहतर प्रदर्शन से हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शहरी विकास विभाग, शहरी विकास निदेशालय, नगर निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सफाई कर्मियों और स्थानीय नागरिकों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शहरी स्वच्छता अधोसंरचना को मजबूत बनाने, अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली में सुधार, जनभागीदारी बढ़ाने और स्वच्छता की स्थायी परंपराओं को विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार शहरी स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी शहरी स्थानीय निकायों को स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी के क्षेत्र में बेहतर मानक स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि आगामी स्वच्छ सर्वेक्षणों में हिमाचल प्रदेश और बेहतर प्रदर्शन कर सके।

उल्लेखनीय है कि स्वच्छ सर्वेक्षण भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से वर्ष 2016 में शुरू किया गया वार्षिक स्वच्छता मूल्यांकन एवं रैंकिंग अभियान है। इसका उद्देश्य देशभर के शहरी स्थानीय निकायों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा साफ-सफाई, स्वच्छता और सतत अपशिष्ट प्रबंधन की बेहतर व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करना है।

स्वच्छ सर्वेक्षण के अब तक आयोजित नौ संस्करणों में हिमाचल प्रदेश ने लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। प्रदेश को शहरी स्वच्छता, साफ-सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार एवं सम्मान मिल चुके हैं।

इस अवसर पर शहरी विकास विभाग के निदेशक नीरज कुमार भी उपस्थित रहे।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579