बीबीएमबी से हक की लड़ाई और आर्थिक उपलब्धियों के दम पर मनाया जाएगा सुक्खू सरकार के चार साल का जश्न

Share this post

11 दिसंबर को हमीरपुर के दोसड़का पुलिस मैदान में होगा राज्यस्तरीय समारोह, बिजली, पर्यटन और जलविद्युत परियोजनाओं से होने वाली आय पर रहेगा फोकस

  *देवभूमि न्यूज 24*

हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपने चार साल के कार्यकाल का जश्न इस बार आर्थिक उपलब्धियों और प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में मिली सफलताओं के आधार पर मनाएगी। समारोह का मुख्य केंद्र बीबीएमबी से जुड़े दशकों पुराने बिजली विवाद में हिमाचल को मिली कानूनी सफलता रहेगा। राज्यस्तरीय समारोह 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर के दोसड़का पुलिस मैदान में आयोजित किया जाएगा। सरकार ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।

मुख्यमंत्री के गृह जिला में होने वाला यह समारोह सरकार के चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों, आर्थिक फैसलों और प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने रखने का बड़ा मंच बनेगा। आर्थिक मोर्चे पर सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में बीबीएमबी से जुड़े बिजली विवाद में सुप्रीम कोर्ट से मिली सफलता शामिल है। अदालत के फैसले से हिमाचल प्रदेश को आगामी 20 वर्षों में 11,973 मिलियन यूनिट बिजली मिलने का रास्ता साफ हुआ है। मुख्यमंत्री के आकलन के अनुसार इससे प्रदेश को सालाना 500 से 1000 करोड़ रुपये तक का आर्थिक लाभ हो सकता है।

इसी तरह कड़छम-वांगतू जलविद्युत परियोजना में रॉयल्टी की दर 12 से बढ़ाकर 18 प्रतिशत करवाने से प्रदेश को सालाना करीब 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय मिलने की संभावना है। वहीं, वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल से जुड़े करीब 23 साल पुराने विवाद के समाधान के बाद प्रदेश को 401 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। होटल के संचालन को लेकर हुए नए समझौते से आगामी 35 वर्षों में करीब 2000 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। किशाऊ बांध परियोजना को भी सरकार प्रदेश की आर्थिक मजबूती के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना मान रही है।

सरकार का प्रयास है कि जलविद्युत परियोजनाओं, पर्यटन और प्राकृतिक संसाधनों से मिलने वाले राजस्व को प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने का आधार बनाया जाए। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना की बहाली, महिलाओं को आर्थिक सहायता, दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन जैसे फैसलों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के साथ वर्ष 2032 तक देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाना है। सरकार अपने चार साल के कार्यकाल के समारोह में इन्हीं आर्थिक और सामाजिक उपलब्धियों को प्रमुखता से जनता के सामने रखेगी।

मंडी में पत्रकार वार्ता के दौरान धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में ही बीबीएमबी के खिलाफ हिमाचल की लंबी कानूनी लड़ाई निर्णायक मुकाम तक पहुंची है। किशाऊ बांध, वाइल्ड फ्लावर हॉल और बिजली परियोजनाओं से जुड़े फैसले प्रदेश के खजाने में हजारों करोड़ रुपये जुटाने का आधार बनेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा और कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता में लौटेगी।

वहीं, हमीरपुर में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि सरकार के चार साल पूरे होने का राज्यस्तरीय समारोह हमीरपुर में आयोजित होना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश के हितों और विकास को प्राथमिकता दी है। दोसड़का में आयोजित होने वाला समारोह सरकार की इसी विकास यात्रा और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का अवसर बनेगा।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579