शिलाई और पनोग में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित, लोगों को बैंकिंग योजनाओं की दी जानकारी

Share this post

नाबार्ड के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र ने किया जागरूक

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

शिलाई। नाबार्ड के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की ओर से वित्तीय साक्षरता केंद्र के माध्यम से ग्राम पंचायत शिलाई और पनोग में वित्तीय साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में ग्रामीणों को बैंकिंग प्रणाली, केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं तथा बैंक की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस दौरान वित्तीय साक्षरता समन्वयक बलबीर सिंह ने लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित बैंक की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने इन योजनाओं के लाभ, पात्रता और उनसे जुड़ने की प्रक्रिया की जानकारी देकर लोगों को बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में विशेष रूप से किसान वर्ग को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के महत्व, इसके सही इस्तेमाल और इससे मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसान अपनी कृषि संबंधी वित्तीय जरूरतों को पूरा कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त लोगों को ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन के दौरान होने वाली साइबर ठगी से बचने के उपाय भी बताए गए। उन्हें अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।

शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना, लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के प्रति जागरूक करना रहा।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579