जीजा जी की शान निराली, ससुराल में राजा तो घर में नौकर!

Share this post

हास्य-व्यंग्य रचना

देवभूमि न्यूज 24

ससुराल में जीजा जी की शान निराली है, साली की नजर में उनकी अदा सबसे मतवाली है। जीजा जी आए तो साली ने चाय बनाई, बीवी ने देखा तो बोली अब सोफे पर सोने की बारी आई!

जीजा जी इस धरती के ऐसे अनमोल प्राणी हैं, जिनकी इज्जत ससुराल में किसी राजा से कम नहीं होती, लेकिन अपने घर में उनकी हैसियत कभी-कभी नौकर से भी कम हो जाती है।

ससुराल में जीजा जी के कदम पड़ते ही पूरे मोहल्ले में खबर फैल जाती है”जीजा जी आ गए, जीजा जी आ गए!” सालियां दौड़कर चाय-नाश्ता लेकर आती हैं। सासू मां बड़े प्यार से कहती हैं, “बेटा, थक गए होंगे, थोड़ा आराम कर लो।” ससुर जी भी फरमान जारी करते हैं, “जमाई राजा, इस बार तो दो-चार दिन रुककर ही जाना।”

लेकिन जैसे ही जीजा जी अपने घर की दहलीज पर कदम रखते हैं, सारी शान हवा हो जाती है। पत्नी का पहला आदेश होता है “सुनिए जी, बाजार से सब्जी ले आइए, बच्चे को स्कूल से ले आइए और हां, कल मम्मी के घर भी चलना है।”

ससुराल में पकौड़े, समोसे, खीर और पूड़ी से स्वागत होता है, जबकि अपने घर में कभी-कभी दाल-रोटी से ही संतोष करना पड़ता है। जीजा जी की जिंदगी भी क्या खूब है! ससुराल में मेहमान और अपने घर में जिम्मेदारियों के पहरेदार!

साली से हंसी-मजाक करना भी जीजा जी की खास अदा होती है। साली कह दे, “जीजा जी, आप बहुत अच्छे हैं,” तो साहब का चेहरा खिल उठता है। लेकिन अगर यही बात पत्नी के कानों तक पहुंच जाए तो फिर घर में शांति स्थापित करने के लिए जीजा जी को सोफे की शरण लेनी पड़ती है।

जीजा जी को ससुराल में एक चिंता हमेशा सताती है साली की शादी! शादी की चर्चा शुरू होते ही वे सलाह देने लगते हैं, “बेटा, लड़का अच्छा देखना, परिवार अच्छा होना चाहिए, बस दहेज की मांग बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।” आखिर जीजा जी भी अपने बजट का पूरा हिसाब रखते हैं!

मगर सच तो यह है कि जीजा जी के बिना ससुराल की रौनक अधूरी है। उनकी हंसी-मजाक से ही रिश्तों में मिठास और परिवार में खुशियां बनी रहती हैं।

अंत में बस इतना ही ससुराल में जीजा जी राजा हैं और अपने घर में जनता के सेवक!

जीजा जी की जय हो! 🙏😂

रचनाकार: ममता सक्सेना चित्रांश स्थान: कोसीकलां, मथुरा (उत्तर प्रदेश)

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579