राजकीय महाविद्यालय रोनहाट में सीएससीए पदाधिकारियों ने ली शपथ

Share this post

महक अध्यक्ष, मोनिका देवी उपाध्यक्ष, देवदक्ष सचिव व प्रिया वर्मा संयुक्त सचिव मनोनीत

महाविद्यालय में पहली बार सीएससीए पदाधिकारियों को संस्थान के रंगों वाले ब्लेज़र भेंट किए गए।

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

शिलाई :राजकीय महाविद्यालय रोनहाट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज स्टूडेंट्स सेंट्रल एसोसिएशन (सीएससीए) का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नलिन रमौल ने की। इस अवसर पर लेखिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती पिंकी रमौल के अतिरिक्त महाविद्यालय की पेरेंट्स टीचर एसोसिएशन (पीटीए) की सह-सचिव श्रीमती रेखा देवी, कोषाध्यक्ष श्री अनिल सिंगटा तथा सदस्य श्रीमती बालमा देवी, श्री तुलसी राम एवं श्रीमती अनिता देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। सीएससीए सलाहकार समिति की सदस्य सहायक आचार्य सुश्री बंदना अत्री ने अतिथियों का स्वागत किया। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीएससीए का गठन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की दिनांक 29 अगस्त 2026 की अधिसूचना तथा एचपीयू एससीए/सीएससीए संविधान, 2016 के प्रावधानों के अनुरूप मेरिट के आधार पर मनोनयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया।

सीएससीए सलाहकार समिति की संयोजक सहायक आचार्य सुश्री मंजना शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं मनोनीत सदस्यों को उनके पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई। इस अवसर पर महक (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने अध्यक्ष, मोनिका देवी (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने उपाध्यक्ष, देवदक्ष (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) ने सचिव तथा प्रिया वर्मा (बी.ए. द्वितीय वर्ष) ने संयुक्त सचिव पद की शपथ ग्रहण की।

समारोह के दौरान महाविद्यालय में एक अभिनव पहल की शुरुआत की गई। पहली बार सीएससीए पदाधिकारियों को महाविद्यालय के निर्धारित रंगों के ब्लेज़र प्रदान किए गए। अतिथियों द्वारा भेंट किए गए इन ब्लेज़र का उद्देश्य पदाधिकारियों में अपने संस्थान के प्रति गौरव, अपनत्व तथा सौंपे गए दायित्वों के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और सुदृढ़ करना है।

इसके अतिरिक्त, सीएससीए के विभिन्न गतिविधि-आधारित प्रतिनिधियों ने भी शपथ ग्रहण की। इनमें तन्नु एवं प्रशांत (खेल), कृष्णा एवं अमन (सांस्कृतिक गतिविधियां), मुस्कान एवं अमित राणा (राष्ट्रीय सेवा योजना-एनएसएस), अरुण राणा (रेड रिबन क्लब) तथा शीतल (सड़क सुरक्षा क्लब) शामिल रहे। शपथ ग्रहण के उपरांत सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में सीएससीए सलाहकार समिति के सदस्य एवं कनिष्ठ कार्यालय सहायक श्री अनिल कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर अतिथियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए उनसे ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ विद्यार्थी हितों के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने सीएससीए को विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करने की प्रेरणा दी। साथ ही, नशे के विरुद्ध जागरूकता को समय की महत्त्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए उन्होंने सीएससीए पदाधिकारियों से महाविद्यालय परिसर के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान को गति देने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

देवभूमि न्यूज 24
देश दुनिया, गांव देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन:9816216579